Gurugram Girl Murder: 16 साल के लड़के ने 9 साल की बच्ची की हत्या के बाद कपूर से जलाया शव, ये बताई जा रही वजह

गुरुग्राम में एक 16 साल के लड़के ने 9 साल की बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने उसके शव को कपूर से जलाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि लड़के को लड़की ने जेवर चुराते हुए देख लिया था। जब लड़की ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।

Updated On 2024-07-02 11:25:00 IST
16 साल के लड़के ने की 9 साल की बच्ची की हत्या।

Gurugram Girl Murder: दिल्ली से सटे गुरुग्राम में 16 साल के लड़के ने एक 9 साल की लड़की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद उसने बच्ची के शव को कपूर डालकर आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को अधजली हालत में बरामद किया है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसी के साथ गुरुग्राम में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत पहला मुकदमा दर्ज हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुरुग्राम के सेक्टर 107 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोलेरा सोसायटी की है। यहां सोमवार की सुबह एक लड़के ने अपनी सोसायटी में रहने वाली नौ साल की लड़की की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं और दोनों के परिवार के बीच अच्छे संबंध थे।

खबरों की मानें, तो लड़की के पिता दफ्तर चले गए, जबकि मां और भाई आरोपी लड़के के घर गए थे। जो उसी सोसायटी के दूसरे टावर में है। लड़की की मां को अपने घर में देखकर आरोपी लड़का ट्यूशन जाने की बात कहकर अपने फ्लैट से निकला। ट्यूशन जाने की बजाय वह लड़की के घर चोरी करने पहुंच गया।  आरोप है कि लड़के को चोरी करते हुए लड़की ने देख लिया था। उसने लड़की को चुप कराने की कोशिश की। लेकिन, वह नहीं मानी। जिसके बाद आरोपी ने उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए मंदिर में रखे कपूर से लड़की के शव को आग लगा दी। 

बालकनी से फ्लैट में घुसे पड़ोसी 

खबरों की मानें, तो बच्ची की मां जब फ्लैट पर पहुंची तो उसने धुआ निकलता हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने काफी देर तक फ्लैट की घंटी बजाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। बाद में बच्ची की मां ने पड़ोसियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसी फ्लैट की बालकनी से अंदर घुसे तो बच्ची के शव को देखकर हैरान रह गए। 

10वीं कक्षा का छात्र है आरोपी
पुलिस का कहना है कि आरोपी कक्षा 10 का छात्र है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने गुमराह करना शुरू कर दिया और कहा कि दो चोर घर में घुस आए और  उन्होंने लड़की की हत्या कर दी। लेकिन, जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

लड़की को नहीं मारना चाहता था आरोपी
वहीं मामले के जांच अधिकारी का कहना है कि लड़के ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह उसे मारना नहीं चाहता था। लेकिन, जब लड़की ने चुप रहने से इनकार कर दिया, तो उसने पकड़े जाने के डर से उसका गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। यह देखकर वह घबरा गया और उसके शव को आग लगाकर एक कोने में बैठ गया। 

Similar News