Delhi Weather-Haryana Forecast: हो जाएं सावधान! दिल्ली में 4 दिन भारी गर्मी-उमस का अलर्ट, हरियाणा में पारे का प्रचंड रूप, तापमान 45 डिग्री के पार
Delhi Weather-Haryana Mausam Forecast: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी अपना कहरा बरपा रही है। बीते रविवार को दिल्ली में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हुआ। वहीं, हरियाणा में 5 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-हरियाणा मौसम
Delhi Weather - Haryana Forecast: राजधानी दिल्ली समेत देश के सभी राज्यों में गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है। बीते रविवार को दिल्ली में पहली बार ऐसा हुआ जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बता दें कि रविवार को दिल्ली में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया था। मौसम विभाग की माने, तो गर्मी और उमस का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
सोमवार को भी दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा। इस दौरान तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है। वहीं, अगले 4 दिनों के लिए मौसम विभाग ने दिल्ली में हॉट डे का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में 4 दिन हॉट डे का अलर्ट
दिल्ली में लोगों को 9 जून से लेकर 12 जून तक भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 44–45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसके लिए मौसम विभाग ने राजधानी में येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों में लोगों को घर से बाहर धूप में न निकलने की सलाह दी गई है। वहीं, 10 और 11 जून को तेज धूप के साथ धूल भरी हवाएं चलने की भी संभावना है।
वहीं, गाजियाबाद और नोएडा में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। नोएडा और गाजियाबाद में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?
हरियाणा में इस समय गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की ओर से 9 जून को हरियाणा के 5 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और रोहतक शामिल हैं। इन जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। वहीं, 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल हैं।
हरियाणा में 45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
हरियाणा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। बीते रविवार को हरियाणा के सिरसा जिले में सबसे अधिक तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रोहतक जिले में भी तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।