Delhi Police: दिल्ली के रोहिणी में मजदूर मुकेश मंडल हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली की पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद रोहिणी हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस केस के आरोपी को बिहार जाने वाली ट्रेन से गिरफ्तार किया है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Updated On 2025-12-22 17:25:00 IST

दिल्ली पुलिस ने ट्रेन से गिरफ्तार किया हत्या का आरोपी

Delhi Police: दिल्ली के रोहिणी में प्रेम नगर इलाके में एक निर्माण सामग्री के गोदाम में काम करने वाले मजदूर मुकेश मंडल की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुकेश के ही साथी मजदूर मुंशी राय को गिरफ्तार कर लिया है। मुंशी राय वारदात के बाद फरार हो गया था और बिहार भागने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसे और दूसरे साथी विशु राय को बिहार जाने वाली ट्रेन से पकड़ा। मुकेश बिहार के बांका जिले का रहने वाला था और दिल्ली में गोदाम में मजदूरी करता था।

बिहार भागने की फिराक में थे आरोपी

19 दिसंबर को प्रेम नगर पुलिस को सूचना मिली कि गोदाम में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है। उसके सिर पर गहरी चोटें थीं। घायल मजदूर मुकेश मंडल को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने वहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मुकेश के साथ काम करने वाले दो अन्य मजदूर मुंशी राय और विशु राय घटना के बाद से गायब हैं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों का पता लगाया। इस दौरान पुलिस को पता लगा कि दोनों शहर छोड़कर बिहार भागने की फिराक में हैं और पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए दोनों को ट्रेन से हिरासत में ले लिया।

आरोपी ने कबूल किया गुनाह

पूछताछ में मुंशी राय ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि घटना वाले दिन वह और मुकेश साथ बैठकर शराब पी रहे थे। नशे में दोनों के बीच छोटी-सी बात पर झगड़ा हो गया। मुकेश ने उसे गाली दी और ईंट से हमला कर दिया। गुस्से में मुंशी राय ने भी ईंट उठाई और मुकेश के सिर पर मार दी। इस दौरान आरोपी मंशी राय ने ईंट से उसके सिर पर कई वार किए। इससे उसे गंभीर चोट आई और शरीर से ज्यादा खून निकल जाने की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने विशु राय को इस मामले में गवाह बनाया है और इस तरह  दिल्ली पुलिस ने हत्या के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया।

Tags:    

Similar News