Sanjay Singh: संजय सिंह ने सरकार पर साधा निशाना,बोले बंद हो, सिरी फोर्ट खेल परिसर में शराब की बिक्री

राज्यसभा में 'आप' नेता संजय सिंह सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने सिरी फोर्ट खेल परिसर में शराब बंद करने की मांग की। संजय सिंह ने इस खेल नियमों का उल्लंघन बताया।

Updated On 2025-12-12 16:42:00 IST

संजय सिंह ने राज्यसभा में सरकार पर साधा निशाना 

Sanjay Singh: AAP नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को राज्यसभा में सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के सिरी फोर्ट खेल परिसर में शराब बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यहां शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए क्योंकि यह नियमों के खिलाफ है। इसके अलावा परिसर में आने वाले खेल प्रेमियों पर इसका बुरा असर हो रहा है। संजय सिंह ने कहा कि इस वजह से वहां भय का माहौल है।

संजय सिंह ने शून्य काल का मुद्दा उठाते हुए आगे कहा कि सिरी फोर्ट खेल परिसर में क्रिकेट के साथ-साथ टेनिस और बैडमिंटन सहित अन्य खेलों की भी सुविधाएं मौजूद हैं। इसी वजह से यहां सभी उम्र और वर्ग के खेल प्रेमी आते हैं। सिंह ने आगे कहा कि यहां पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदनलाल शर्मा क्रिकेट का प्रशिक्षण देने के लिए आते हैं। इसके अलावा जब से यहां शराब बिक्री शुरू हुई है। तब से यहां डर का माहौल है।

उन्होंने आगे कहा कि खेल के नियमों के अनुसार, खेल परिसर के अंदर सभी प्रकार के नशीले पदार्थ पूरी तरह से प्रतिबंधित होते हैं। उन्होंने 15 मार्च साल 2018 के एक वाक्या को याद दिलाते हुए कहा कि परिसर के अंदर शराब पीने पर क्लब के 28 सदस्यों को सस्पेंड कर दिया गया था। उन्होंने सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि जब शराब पीने वाले सदस्यों को सस्पेंड किया जा सकता है। फिर उस जगह पर शराब बेचने की अनुमति किसने दी।

'आप' सांसद संजय सिंह ने RTI आवेदन के जबाव का हवाला देते हुए आगे कहा कि डीडीए ने खुद स्वीकार किया था कि खेल परिसर में शराब की दुकान को लाइसेंस दिया गया है। वहीं जब पूछा गया कि क्या यह नियमों के अनुरूप है? क्या इसमें सभी नियमों का पालन हो रहा है? तो इसका कोई जवाब नही दिया गया। संजय सिंह ने राज्यसभा सदन में मांग करते हुए कहा कि सिरी कोर्ट परिसर में शराब की दुकानों का लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाए।

Tags:    

Similar News