Rohtash Choudhary: 60 पाउंड वजन के साथ 847 पुश-अप... तोड़े कई वर्ल्ड रिकॉर्ड, कौन हैं भारत के पुश-अप मैन?

Rohtash Choudhary: रोहताश चौधरी ने हाल ही में एक घंटे के अंदर 60 पाउंड वजन के साथ 847 पुश-अप लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था। रोहताश को भारत के पुश-अप मैन के नाम से भी जाना जाता है।

Updated On 2025-11-18 07:40:00 IST

भारत के पुश-अप मैन रोहताश चौधरी।

Push-Up Man Of India: इंसान अपने दृढ़ संकल्प, ताकत और सहनशक्ति के साथ दुनिया की बड़ी ऊंचाइयों को छू सकता है। हम आज ऐसे ही शख्स की बात करने जा रहे हैं, जिनका नाम कई बार गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में लिखा जा चुका है। हम बात कर रहे हैं भारत के पुश-अप मैन, 41 साल के रोहताश चौधरी की। रोहताश चौधरी ने हाल ही में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।

9 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपनी पीठ पर 60 पाउंड (27.21 किलोग्राम) का वजन बांधकर 1 घंटे के अंदर 847 पुश-अप लगाए थे। उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से सीरिया के 820 पुश-अप्स के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। रोहताश ने इससे पहले भी कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। जानिए रोहताश चौधरी के बारे में...

कौन हैं भारत के पुश-अप मैन?

रोहताश चौधरी दिल्ली के खानपुर गांव के रहने वाले हैं। साउथ दिल्ली निवासी रोहताश चौधरी ने अपनी फिटनेस यात्रा और कई वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर देश का नाम रोशन किया है। वह बचपन में एक बॉक्सर थे, लेकिन साल 2007 में उनके साथ एक गंभीर हादसा हो गया था। इसके कारण उन्होंने 7 ऑपरेशन कराए। डॉक्टरों का कहना था कि शायद वे भविष्य में ठीक से चल भी नहीं पाएंगे। हालांकि रोहताश के अंदर बॉक्सिंग और खेल का जुनून कम नहीं हुआ था। 2 साल तक बिस्तर पर पड़े रहने के बाद फिर से उन्होंने अपनी सेहत पर काम करना शुरू किया। यहीं से शुरू हुआ रोहताश के पुश-अप मैन ऑफ इंडिया बनने का सफर।

2011 में शुरू किया योग

साल 2011 में रोहताश ने योग को अपनाया और इसके जरिए ही अपनी पूरी जिंदगी बदल दी। योग की मदद से रोहताश दोबारा अपने पैरों पर खड़ा हो पाए। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिया। आज रोहतास चौधरी फिट इंडिया मूवमेंट के एंबेसडर बन गए हैं। उनकी फिटनेस, मेहनत और जज्बे को देखकर बहुत से लोग उनसे प्रेरणा लेते हैं।

रोहताश चौधरी के बड़े रिकॉर्ड

साल 2015 में रोहताश चौधरी ने 8 घंटे के अंदर 10,000 से ज्यादा पुश-अप का रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद में उन्होंने साढ़े सात घंटे में 10,200 पुश-अप करके इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया था। तब उन्होंने इस रिकॉर्ड को लौहपुरुष पटेल को समर्पित किया था। इसके बाद साल 2016 में रोहताश ने 36.600 किलोग्राम वजन के साथ एक मिनट में 51 पुशअप करके वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उस दौरान उन्होंने इंग्लैंड के पुश-अप मेन का रिकॉर्ड तोड़ा था।

फिर जनवरी 2024 में रोहताश ने 37 किलोग्राम वजन के साथ 743 पुश-अप करके स्पेन के पुश-अप मेन के 537 पुश-अप का रिकॉर्ड तोड़ा था। इसके बाद नवंबर 2024 में रोहताश ने 27.875 किलोग्राम यानी 60 पाउंड वजन के साथ एक पैर पर एक घंटे में 704 पुश-अप्स करके पाकिस्तान के नाम दर्ज रिकॉर्ड को तोड़ा था।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News