रेलवे का अहम कदम: कश्मीर से दिल्ली के बीच चलेगी पार्सल ट्रेन, सेब उत्पादकों के चेहरे खिले

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कश्मीर से दिल्ली के बीच 13 सितंबर से पार्सल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। यह ट्रेन जम्मू-कश्मीर के सेब उत्पादकों की जिंदगी में सुधार लाएगी। जानिये कैसे?

Updated On 2025-09-11 17:07:00 IST

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कश्मीर से दिल्ली के बीच पार्सल ट्रेन का किया ऐलान। 

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कश्मीर से दिल्ली के बीच दैनिक पार्सल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। यह पार्सल ट्रेन 13 सितंबर से बडगाम से दिल्ली के आदर्श नगर तक रोजाना चलाई जाएगी। इस ट्रेन के चलने से कश्मीर की एशिया के सबसे बड़े फल केंद्र यानी आजादपुर मंडी तक कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो जाएगी। विशेषकर इस ट्रेन के चलने से कश्मीर के सेब उत्पादकों को खासा लाभ मिलेगा।

प्रेस सूचना ब्यूरो के मुताबिक, बडगाम से यह पार्सल ट्रेन सुबह 6.15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5 बजे तक दिल्ली पहुंच जाएगी। अभी तक श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से ही घाटी के फल दिल्ली तक पहुंचते हैं। लेकिन पिछले काफी समय से मौसम के हालातों के चलते यह राजमार्ग बंद पड़ा है, जिस कारण सेब उत्पादकों को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। चूंकि अब कश्मीर से दिल्ली के लिए सीधी पार्सल ट्रेन चलेगी, लिहाजा इन सेब उत्पादकों के चेहरे पर खुशी आना लाजमी है।

सेब उत्पादकों को 700 करोड़ का नुकसान

कश्मीर घाटी फल उत्पादक सह विक्रेता संघ के मुताबिक, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहने की वजह से इस सीजन में सेब उत्पादकों को करीब 700 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। यही नहीं, कश्मीर से जो सेब दिल्ली के लिए भेजे जाते हैं, वो भी जाम या अन्य कारणों के चलते समय से नहीं पहुंचते, जिस कारण सेब के गलने सड़ने की वजह से कम दाम मिलता है। स्थानीय सेब उत्पादकों का कहना है कि यह पार्सल ट्रेन हमारे लिए उम्मीद की किरण है क्योंकि अब हमारे सेब सड़क मार्ग के मुकाबले रेल मार्ग के माध्यम से दिल्ली तक तेजी से पहुंच सकेंगे।

जम्मू कश्मीर की अर्थव्यवस्था सुधरेगी

कश्मीर की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सेब की खेती रीढ़ की हड्डी मानी जाती है। यहां 35 लाख लोग सेब की खेती से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष जुड़े हैं। कश्मीर में सालाना सेब की खेती की बात करें तो यहां सालाना 20 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा सेब का उत्पादन होता है। सेब की खेती जम्मू कश्मीर के सकल घरेलू उत्पाद में करीब 8 प्रतिशत का योगदान देती है। ऐसे में कश्मीर से दिल्ली के बीच पार्सल ट्रेन को राज्य की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

Similar News