Delhi Tunnel: प्रवेश वर्मा और मनोज तिवारी ने भैरों मार्ग अंडरपास का किया निरीक्षण, जानें कब तक होगा पूरा

Delhi Tunnel: PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और सांसद मनोज तिवारी ने प्रगति मैदान से भैरों मार्ग के बीच बन रही टनल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इसका काम जल्द पूरा किया जाए।

Updated On 2025-07-07 16:27:00 IST

प्रवेश वर्मा और मनोज तिवारी ने भैरों मार्ग अंडरपास का किया निरीक्षण

Delhi Tunnel: दिल्ली में आईटीपीओ- प्रगति मैदान से भैरों मार्ग के बीच बन रही टनल को लेकर बड़ा अपडेट आया है। सोमवार को दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और मनोज तिवारी ने निर्माणाधीन भैरों मार्ग रिंग रोड टी पॉइंट टनल साइट का निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने टनल की स्थिति का जायजा लेकर जल्द काम शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं।

इस दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि इसके लिए MOHUA (भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय) के सहयोग से 80:20 फंडिंग मॉडल पर चल रही है। इसके लिए 80 फीसदी फंडिंग MOHUA और 20 फीसदी फंडिंग ITPO कर रहा है। साल 2023 में आई बाढ़ के कारण अंडरपास बनाने में देरी हुई। इसके 10 बॉक्स के निर्माण में IIT दिल्ली और मुंबई कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद अब इस अंडरपास को कम ऊंचाई पर दोबारा बनाने का फैसला लिया गया है।

निर्माण के दौरान रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की गति धीमी रहेगी। साथ ही जल भराव की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि MOHUA से अनुमति मिलने के बाद इस परियोजना को 8-9 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।

प्रवेश वर्मा ने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने काम में देरी की है, लेकिन ये सरकार देरी नहीं करेगी। दिल्ली की बीजेपी सरकार संबंधित विभागों के साथ लगातार काम को लेकर फॉलो अप करती है।

साथ ही मंत्री ने दिल्लीवासियों को आश्वासन दिया कि अब बारिश के दौरान दिल्ली में बाढ़ नहीं आएगी। साथ ही इस टनल के बनने से भैरों मार्ग से सराय काले खां तक का सफर आसान हो जाएगा। इसके अलावा मंत्री ने अधिकारियों से नंद नगरी गगन सिनेमा फ्लाईओवर के निर्माण की भी जानकारी ली।

इस दौरान मंत्री मनोज तिवारी भी पूर्व आप सरकार पर हमलावर नजर आए। उन्होंने कहा कि ये काम पहले भी किया जा सकता था। लेकिन उन्होंने नहीं किया और उनकी इस लापरवाही से काफी नुकसान हुआ। उनकी काम करने की नियत ही नहीं थी। उनका मकसद सिर्फ पैसा बर्बाद करना था। इसके कारण टनल का काम अधूरा पड़ा हुआ है।

Tags:    

Similar News