Highway Travel App: NHAI का नया ऐप... टोल टैक्स पर हर बार होगी बचत, जानिये कैसे?
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ऐसा ऐप लाने जा रहा है, जिसकी मदद से वाहन चालक सस्ते टोल टैक्स वाले मार्ग की पहचान कर पाएंगे। पढ़िये पूरी डिटेल्स...
वाहन चालक पहचान पाएंगे कम टोल टैक्स वाले मार्ग।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वाहन यात्रियों की सुविधा के लिए हाईवे यात्रा ऐप को विकसित करने का निर्णय लिया है। इस ऐप के विकसित होने के बाद यात्री कम टोल वाले मार्ग का चयन कर पाएंगे। इससे जहां यात्रियों की जेब पर खर्चा कम होने की उम्मीद है, वहीं सस्ता रूट तलाशने वाले यात्रियों को भी आसानी होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एनएचएआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 2023 में हाईवे यात्रा ऐप को लॉन्च किया गया था। यह ऐप भारतीय राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स संबंधित अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराता है। अब इस ऐप को विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इस ऐप के विकसित होने के बाद दो शहरों के बीच कम टोल टैक्स वाले रोड को आसानी से तलाशा जा सकेगा। साथ ही, टोल टैक्स की दरों का भी विवरण उपलब्ध होगा।
भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी के कुशल परिवहन प्रणाली के मुख्य उत्पाद अधिकारी अमृत सिंह ने बताया कि अगर आप दिल्ली से लखनऊ जा रहे हैं, तो आपके लिए तीन अलग-अलग मुख्य मार्ग उपलब्ध है। आप या तो यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से दिल्ली-लखनऊ के बीच सफर कर सकते हैं या फिर आप गाजियाबाद-अलीगढ-कानपुर या मुरादाबाद-बरेली-सीतापुर मार्ग चुन सकते हैं। यात्री सस्ते टोल टैक्स वाले मार्ग के साथ ही कम ट्रैफिक वाले रूट की भी पहचान कर पाएंगे।
इस एक्सप्रेसवे पर नियमों का हो रहा सर्वाधिक उल्लंघन
एनएचएआई अधिकारियों की मानें तो दिल्ली-गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे पर यातायात नियमों का सर्वाधिक उल्लंघन देखा गया है। यातायात प्रबंधन प्रणाली के आंकड़े बताते हैं कि दोपहिया और तिपहिया वाहन भी एक्सप्रेसवे में प्रवेश कर लेते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि 21 जून से 23 जून के बीच आंकड़ों पर नजर डालें तो 1.73 लाख चालान किए गए। इनमें से एक लाख से ज्यादा वाहन ऐसे थे, जो कि प्रतिबंधित किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई जारी है।