Lutyens Delhi Art District: लुटियंस दिल्ली बनेगा नया 'आर्ट डिस्ट्रिक्ट', NDMC ने बनाया ये प्लान, यहां से होगी शुरुआत
NDMC Art District Sculptures: NDMC ने लुटियंस दिल्ली को आर्ट डिस्ट्रिक्ट बनाने का प्लान तैयार किया है। इसके तहत मंडी हाउस गोल चक्कर से लेकर कोपरनिकस मार्ग-त्रावणकोर हाउस तक के एरिया को मूर्तिकला कला जिले में बदलने का काम किया किया जाएगा।
NDMC एरिया में लगाई जाएंगी मूर्तियां।
NDMC Art District Sculptures: नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने लुटियंस दिल्ली को देश का नया आर्ट डिस्ट्रिक्ट बनाया जाएगा। NDMC ने सेंट्रल दिल्ली के मंडी हाउस क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को फिर से जीवित करने की योजना बनाई है। मंडी हाउस से लेकर कस्तूरबा गांधी मार्ग तक के हिस्से को मूर्तिकला जिले के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके तहत यहां पर देश के मशहूर मूर्तिकारों द्वारा बनाई गई मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। NDMC के वाइस चेयरमैन कुलजीत सिंह चहल ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी।
NDMC के मुताबिक, दिल्ली के मंडी हाउस, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, फिक्की ऑडिटोरियम, श्री राम सेंटर, इंडिया गेट-एनजीएमए मार्ग, हैदराबाद हाउस, त्रावणकोर भवन और त्रिवेणी कला संगम जैसे सांस्कृतिक स्थानों पर मूर्तियां लगाई जाएंगी, जिनकी ऊंचाई 10 से 15 फीट होगी।
कौन से कलाकार बनाएंगे मूर्तियां?
NDMC एरिया में लगाई जाने वाली मूर्तियों को पत्थर, स्टेनलेस स्टील या ब्रॉन्ज से तैयार किया जाएगा। इन मूर्तियों को बनाने के लिए देश के 10 फेमस मूर्तिकारों को आमंत्रित किया गया है, जिसमें से 8 लोगों ने अपनी अपनी भागीदारी के सहमति दे दी है। कुलजीत चहल ने बताया कि इन मूर्तिकारों में पद्मश्री बिमान बी. दास, पद्म श्री बिमन बिहारी दास, सतीश गुजराल, राघव कनेरिया, पद्म श्री राजेंद्र टिक्कू, केएस राधाकृष्णन, वेद नायर और अरुण पंडित जैसे मूर्तिकार शामिल हैं।
सितंबर में होगा नेशनल पेंटिंग सेमिनार का आयोजन
NDMC की ओर से सितंबर में 'नेशनल पेंटिंग सेमिनार' का भी आयोजन किया जाएगा। इस सेमिनार में देश-विदेश के 20 से ज्यादा कलाकार शामिल होंगे, जो लाइव आर्टक्राफ्ट बनाएंगे। इन आर्टक्राफ्ट को बाद में प्रदर्शनी के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद इन्हें NDMC स्थलों पर प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा एक वार्षिक सांस्कृतिक कैलेंडर भी तैयार किया जाएगा, जिसमें कार्तिक डांस फेस्टिवल, भक्ति नाद, आर्ट फ्ली मार्केट, वेस्ट टू वैल्यू आर्ट, पपेट शो और ओपन एयर सिनेमा जैसे आयोजन शामिल होंगे। ये प्रोग्राम सेंट्रल पार्क, लोधी आर्ट डिस्ट्रिक्ट, नेहरू पार्क, खान मार्केट और तालकटोरा स्टेडियम जैसे ऐतिहासिक स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
नेहरू पार्क में खुलने जा रहा आर्ट गैलरी
NDMC के मुताबिक, नेहरू पार्क और खान मार्केट में जगह तय की जाएगी, जहां पर युवा कलाकार अपनी कला को प्रदर्शित कर सकेंगे और बेच सकेंगे। बताया जा रहा है कि इसी महीने नेहरू पार्क में 'सृजन आर्ट गैलरी' का उद्घाटन किया जा सकता है। इससे कलाकारों को एक मंच मिलेगा।
40 करोड़ रुपए होंगे खर्च
ये सभी परियोजनाएं NDMC द्वारा ऑपरेट की जाएंगी। जानकारी के मुताबिक, इसके लिए 40 करोड़ रुपए के बजट का आवंटन किया गया है, जो NDMC के पूरे बजट का 1 फीसदी हिस्सा है।