एलन मस्क की चेतावनी: Grok AI का गलत इस्तेमाल किया तो X का खाता हमेशा के लिए होगा बंद
Grok AI Misused: एलन मस्क के स्वामित्व वाली कंपनी ने चेताया है कि अगर Grok AI का दुरुपयोग किया जाता है तो खाते को हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा। कंपनी की यह प्रतिक्रिया एलन मस्क के रिएक्शन के बाद सामने आई है।
एलन मस्क ने Grok AI का गलत इस्तेमाल करने वालों को दी चेतावनी।
Grok AI इंटरनेट की दुनिया में चर्चा का विषय बना है। यूजर्स जिस अंदाज में सवाल पूछ रहे हैं, ग्रोक उसी अंदाज में जवाब दे रहा है, चाहे फिर भाषा अभद्र ही क्यों न हो। इसकी वजह से चिंताएं बढ़ गई हैं। भारत सरका ने भी चिंता जताते हुए एक्स को नोटिस जारी कर Grok AI के दुरुपयोग पर 72 घंटे में रिपोर्ट मांगी है। उधर, एलन मस्क के स्वामित्व वाली कंपनी ने अपना रूख स्पष्ट कर दिया है।
कंपनी ने लिखा है कि हम X पर मौजूद अवैध सामग्री, जिसमें बाल यौन शोषण सामग्री भी शामिल है, उसके खिलाफ कार्रवाई करते हैं। इसके तहत सामग्री को हटाना, खातों को स्थायी रूप से निलंबित करना और आवश्यकतानुसार स्थानीय सरकारों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करना शामिल है।
कंपनी ने आगे लिखा कि जो कोई भी Grok का उपयोग करके या उसे अवैध सामग्री बनाने के लिए उकसाता है, उसे वही परिणाम भुगतने होंगे, जो अवैध सामग्री अपलोड करने पर भुगतने पड़ते हैं। कंपनी ने ऐसा लिंक भी शेयर किया है, जहां आप Grok के इस्तेमाल के लिए तय नियम पढ़ सकते हैं। अगर इनमें से एक भी नियम का उल्लंघन किया तो आपका ट्विटर अकाउंट हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा।
एलन मस्क ने X यूजर्स को दी चेतावनी
इससे पूर्व बिजनेसमैन एलन मस्क ने ग्रोक के गलत इस्तेमाल पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा था कि ग्रोक का उपयोग करके अवैध सामग्री बनाने वाले किसी भी व्यक्ति को वही परिणाम भुगतने होंगे, जो अवैध सामग्री अपलोड करने पर भुगतने पड़ते हैं
भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाया
भारत सरकार ने चिंता जताई कि Grok AI का इस्तेमाल अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट बनाने और फैलाने के लिए किया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एक्स पर औपचारिक नोटिस जारी कर Grok के दुरुपयोग पर 72 घंटे में एक्शन रिपोर्ट मांगी। इस फैसले पर शिवसेना (UTB) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने खुशी जताते हुए आभार जताया था। पढ़िये विस्तृत खबर
समाप्त