Yamuna Floods: दिल्ली में बाढ़ की आफत... बाढ़ के इलाकों से निकाले गए 7500 लोग, देखें अपडेट

Delhi Floods: दिल्ली में कई इलाकों में यमुना नदी का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। बाढ़ के इलाकों से 7,500 से ज्यादा लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। जानें अपडेट...

Updated On 2025-09-04 10:23:00 IST

दिल्ली के कई इलाके जलमग्न।

Yamuna Floods: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार दोपहर 1 बजे यमुना का जलस्तर 207 मीटर पहुंच गया। यमुना किनारे बसे इलाकों के घरों में नदी का पानी घुस गया है। दिल्ली में यमुना बाजार, नजफगढ़, खादर, उस्मानपुर, जैतपुर, यमुना खादर, मजनू का टीला समेत कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। अधिकारियों ने बताया कि यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण निचले इलाकों से 7,500 से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। इन लोगों को 25 राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। प्रशासन ने बाढ़ के इलाकों में बसे लोगों के लिए सड़क किनारे अस्थायी कैंप लगाए हैं।

बाढ़ से ग्रसित इलाकों में एनडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। एनडीआरएफ की टीमों ने यमुना बाजार, नजफगढ़ और जैतपुर में बचाव और निकासी अभियान चलाया। इस दौरान 5 लोगों को बचाया गया। इसके अलावा एनडीआरएफ ने 626 लोगों और 13 मवेशियों को बाढ़ के इलाके से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

5 जिलों से निकाले गए 7500 लोग

एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के 5 जिलों (पूर्व, उत्तर, दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पूर्व और मध्य) से 7,500 से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। उन लोगों को 25 राहत शिविर में पहुंचाया गया है, जिसमें तंबू, स्कूल आदि शामिल हैं।


झरोदा कलां में टूटा नाले का किनारा

दिल्ली के झरोदा कलां इलाके में मुंगेशपुर नाले का 50 फुट ऊंचा किनारा टूट गया, जिसकी वजह से निचले इलाकों में पानी भर गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि मंगलवार को नाले के किनारे में दरार आई। इसके कारण दिल्ली के द्वारका में बाबा हरिदास नगर के पास गीतांजलि एन्क्लेव और झरोदा कलां गांव के आसपास के इलाकों में करीब 5 फुट ऊपर तक पानी भर गया।

मुंगेशपुर नाले का किनारा टूटने के बाद कुछ ही देर में रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया। इसके बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बाढ़ के इलाके से निकालकर लोगों को झरोदा कलां के नजदीकी सरकारी स्कूलों में पहुंचाया गया।

इन इलाकों में पहुंचा बाढ़ पानी

दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। एनडीआरएफ और दिल्ली पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। यमुना का पानी कई निचले इलाकों में घुस गया है। इनमें यमुना बाजार, नजफगढ़, खादर, ओल्ड उस्मानपुर, जैतपुर, यमुना खादर, मजनू का टीला, गरही मेंडू गांव, आईटीओ बैराज क्षेत्र, बदरपुर, मदनपुर खादर, वासुदेव घाट, मोनेस्ट्री मार्केट समेत कई इलाके शामिल हैं। दिल्ली के यमुना बाजार, गीता कॉलोनी, मयूर विहार और मजनू का टीला इलाके लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News