Delhi Police: दिल्ली से गिरफ्तार दो 'पुष्पा', STF टीम ने बरामद की 10 टन लाल चंदन की लकड़ी

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने लाल चंदन की स्मग्लिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही करोड़ों की कीमत वाली 10 टन लाल चंदन की लकड़ी बरामद की है।

Updated On 2025-10-07 17:27:00 IST

लाल चंदन की तस्करी करने वाले दो गिरफ्तार।

Delhi Police: आपने अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा तो देखी ही होगी, जो चंदन की लकड़ी सप्लाई करने के मामले में काफी मशहूर हुई। इस फिल्म को दर्शकों ने काफी प्यार दिया और एक्टिंग को काफी सराहा गया। इस फिल्म में अल्लू अर्जुन एक्शन करते हुए देश और विदेश में चंदन की लकड़ी सप्लाई करते हैं। हालांकि ये तो एक फिल्म और एक्टिंग की बात है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने असली लाला चंदन की लकड़ी सप्लाई करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन्हें देखने और इनकी कहानी सुनने के बाद लोग इनकी फिल्म वाले 'पुष्पा' से तुलना कर रहे हैं।

बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स साउथ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इनके कब्जे से 10 टन रेड सैंडलवुड (लाल चंदन) बरामद किया है। ये लाल चंदन तस्करी कर आंध्र प्रदेश के तिरुपति से दिल्ली लाया जा रहा था। कहा जा रहा है कि बरामद किए गए लाल चंदन की कीमत करोड़ों रुपए में है। इसे दिल्ली पुलिस द्वारा रेड सैंडलवुड की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक माना जा रहा है।

आंध्र प्रदेश पुलिस और दिल्ली पुलिस ने गोपनीय जानकारी के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए तुगलकाबाद इलाके में एक गोदाम पर छापेमारी की। इस छापेमारी में हाई क्वालिटी वाली लाल चंदन की लकड़ी बरामद हुई। इस लकड़ी को अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में बेचने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक का नाम इरफान है, जो हैदराबाद का रहने वाला है। वहीं दूसरे आरोपी का नाम अमित है, जो मुंबई का रहने वाला है।

पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे दोनों लाल चंदन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेचने की फिराक में थे। उनका तस्करी का नेटवर्क चीन और म्यांमार तक फैला हुआ है। पुलिस का कहना है कि ये कार्रवाई लाल चंदन की तस्करी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसके अवैध व्यापार को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है। इसके बाद पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Tags:    

Similar News