Preet Vihar Murder Case: दिल्ली पुलिस ने सुलझाया प्रीत विहार मर्डर केस, नाबालिग समेत 4 आरोपी अरेस्ट
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बताया कि प्रीत विहार मर्डर केस में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी अपराधी थे। पैसों के बंटवारे को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने सुलझाया प्रीत विहार मर्डर केस।
दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में युवक की हत्या के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने मृतक के चार दोस्तों को अरेस्ट किया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस की मानें तो पैसों के बंटवारे में हुए विवाद के बाद आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। बहरहाल, पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बताया कि 22 जनवरी को गश्त के दौरान सूचना मिली कि प्रीत विहार रेलवे अंडरपास के पास एक शव पड़ा है। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो पाया कि शव के पेट, चेहरे और सिर पर चाकू से कई बार वार किया गया। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के उपरांत मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को पता चला कि उसे आखिरी बार उसके दोस्तों के साथ देखा गया था।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मंडावली निवासी 22 वर्षीय अमन उर्फ राजू को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसे और उसके दोस्तों से पूछताछ शुरू की तो उन्होंने गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन, बार-बार के सवालों से अपने ही जवाब में उलझ गए और जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने खून से सनी कमीज और हत्या में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया।
संबंधित जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक और आरोपी, यह सभी आपराधिक वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने बताया कि आपराधिक वारदातों से जो पैसे मिले, उसके बंटवारे करते समय विवाद हो गया था, जिसके चलते उन्होंने अपने ही दोस्त को मौत के घाट उतार दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर चाकू के अलावा मारपीट के भी निशान थे। कुल 4 आरोपी थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों में से दो नाबालिग है, जिनकी उम्र 14 साल और 16 साल के आसपास है।