Molestation Case: दिल्ली में पकड़ाया आरोपी पायलट, गुप्त कैमरे से बनाता लड़कियों का अश्लील वीडियो
Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने किशनगढ़ इलाके में छेड़छाड़ के मामले में आरोपी मोहित प्रियदर्शी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्पाई कैमरे के जरिए मॉल-बाजारों में लड़कियों का अश्लील वीडियो बनाता था। जानें पूरा मामला...
दिल्ली में महिलाओं की अश्लील वीडियो शूट करने वाला पकड़ा गया। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Delhi Police Arrested Pilot: दिल्ली पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में आगरा के रहने वाले मोहित प्रियदर्शी (31) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक सीक्रेट लाइटरनुमा स्पाई कैमरा बरामद किया गया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला है, जो प्राइवेट एयरलाइंस में काम करता है। पायलट होने के बावजूद उसकी हरकतें बेहद शर्मनाक हैं। आरोपी मोहित भरे-बाजार और मॉल में जाकर स्पाई कैमरे से लड़कियों के अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करता था। पुलिस की पूछताछ में उसने खुद अपना गुनाह कबूल किया है। आरोपी ने बताया कि वह अपनी निजी संतुष्टि के लिए ऐसा करता था।
हाल ही में एक युवती ने पुलिस को शिकायत दी थी, जिसके बाद इसका खुलासा हुआ। युवती ने पुलिस को बताया कि किशनगढ़ के शनि बाजार में एक अनजान शख्स स्पाई कैमरे से उसका वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि युवती को आरोपी के नाम और पहचान की कोई जानकारी नहीं थी। इस शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू। पुलिस की टीम ने छानबीन और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
स्पाई कैमरे का करता था इस्तेमाल
दरअसल, यह घटना 30 अगस्त की रात करीब 10 बजे की है। किशनगढ़ गांव की युवती शनि बाजार में गई थी। उस दौरान उसे एक अजनबी युवक पर शक हुआ कि वह लाइटर जैसे दिखने वाले एक कैमरे से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। इसकी भनक लगते ही युवती ने पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत दर्ज करा दी।
इसके बाद किशनगढ़ पुलिस स्टेशन की टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की फोटोज निकाली गईं, जिसके बाद आसपास के लोगों को फोटो दिखाने के बाद युवक की पहचान भी कर ली गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
कैसे वीडियो रिकॉर्ड करता था आरोपी?
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह ये सब अपनी निजी संतुष्टि के लिए करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी पायलट ने अभी तक कई लड़कियों के अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए हैं। इसके लिए वह हिडन कैमरे का इस्तेमाल करता है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी शहर के बड़े मार्केट और मॉल में जाकर अपने पैर में लगे हिडन कैमरे से लड़कियों का वीडियो रिकॉर्ड करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी उन लड़कियों को निशाना बनाता था, जो छोटे कपड़े पहनकर मॉल में आती थीं। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।