Delhi Flood: दिल्लीवालों को कब मिलेगी बाढ़ से राहत, क्या घटेगा यमुना का जलस्तर? जानें अपडेट

Delhi Flood: दिल्ली में यमुना नदी की बाढ़ ने हजारों लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालांकि इस बीच उम्मीद जताई जा रही है कि आज यानी गुरुवार शाम तक खतरा कम हो सकता है।

Updated On 2025-09-04 14:47:00 IST

दिल्ली में बाढ़ से राहत की उम्मीद।

Delhi Flood: राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के उफान पर होने की वजह से कई इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है। यमुना किनारे बसे हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ रही है। अभी तक 14,000 से ज्यादा लोगों को बाढ़ वाले इलाकों से निकाला जा चुका है। यमुना नदी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है, जिससे दिल्ली समेत एनसीआर के अन्य शहरों में भी जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालांकि इस बीच राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली में गुरुवार सुबह यमुना के जलस्तर में मामूली गिरावट देखने को मिली है।

दिल्ली के पुराने लोहा पुल पर सुबह 8 बजे यमुना का जलस्तर 207.47 मीटर दर्ज किया गया, जबकि उससे पहले सुबह 6 बजे और 7 बजे जलस्तर 207.48 मीटर पर था। हालांकि यमुना अभी भी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है। बता दें कि यमुना का जलस्तर अभी 207.47 मीटर है, जो कि पिछले 63 सालों में सबसे ऊंचा है।

शाम तक राहत मिलने की उम्मीद

यमुना नदी में आई बाढ़ से दिल्ली के निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। दिल्ली के यमुना बाजार, मयूर विहार, निगमबोध घाट, राजदेव घाट, गीता कॉलोनी, मजनू का टीला, कश्मीरी गेट समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है। यहां तक की दिल्ली सचिवालय, आईटीओ और सिविल लाइंस में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

यमुना बाजार में हालात काफी ज्यादा खराब हैं, जिसके कारण एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। एनडीआरएफ की 16वीं बटालियन के कमांडेंट, अबुजम बिजॉय कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल यमुना का जलस्तर स्थिर हो गया है। रात 8 बजे तक जलस्तर कम होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बाढ़ का खतरा थोड़ा कम हो जाएगा।

राहत शिविरों में भरा पानी

दिल्ली के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए राहत शिविर बनाए गए हैं, लेकिन कुछ इलाकों में राहत शिविर में भी बाढ़ का पानी घुस गया। यमुना बाजार और मयूर विहार इलाके में ऐसी स्थिति देखने को मिली, जिसके बाद लोगों को दूसरी जगह पर शिफ्ट किया जा रहा है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News