Delhi Flood: सीएम रेखा गुप्ता ने यमुना बाजार का किया दौरा, बाढ़ से भयभीत न होने का दिया आश्वासन
दिल्ली में लोहे के पुल पर यमुना का जलस्तर 206 मीटर को टच करने वाला है। यमुना बाजार में कई घरों में पानी घुस गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने इस इलाके का दौरा कर लोगों को भयभीत न होने का आश्वासन दिया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने यमुना बाजार का किया दौरा।
दिल्ली में लोहे के पुराने पुल पर यमुना का जलस्तर 206 मीटर के करीब पहुंच गया है। यमुना के उफान के चलते यमुना बाजार स्थित आवासीय क्षेत्रों में पानी घुस गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने आज बाढ़ ग्रस्त इलाके का दौरा कर जनता की शिकायतें सुनीं। साथ ही, पीड़ित लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना का पानी का स्तर सुबह 206 मीटर को दर्ज करने वाला था, लेकिन अभी तक यह इस निशान को पार नहीं कर सका है। यह हमारे लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि मैंने कंट्रोल रूम को भी चैक किया। देखा कि जहां पानी आ रहा है, वहां से निकल भी रहा है। सीएम ने कहा कि यह बेहद निचला इलाका है, जहां कई मकान बसे हैं। हमने यहां रहने वाले लोगों से अपील भी की थी कि कुछ दिन के लिए शिफ्ट हो जाएं, लेकिन नहीं गए। अभी एक ही दिक्कत आ रही है कि बिजली बंद है। इसके लिए सोलर लाइट और फ्लड लाइट दे रहे हैं। इसके अलावा, भोजन-पानी और चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करा रहे हैं।
2023 वाली बाढ़ जैसी स्थिति नहीं होगी: सीएम
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना से सटे क्षेत्र को भी देखा है। दिन चढ़ने के साथ पानी का स्तर कम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र ऐसा है, जब सबसे पहले पानी चढ़ता है। उन्होंने कहा कि हम लोगों से फिर शिफ्ट होने की अपील कर रहे हैं क्योंकि हमने सभी व्यवस्थाएं कर रखी हैं। अगर कोई व्यक्ति नहीं जाना जाता, तो भी उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और 2023 वाली बाढ़ की स्थिति का सामना नहीं करना होगा।
'अरविंद केजरीवाल और आतिशी' के लिए कही ये बात
सीएम रेखा गुप्ता से सवाल पूछा गया कि इससे पहले कोई भी मुख्यमंत्री यमुना का दौरा करने नहीं पहुंचा, तो इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम ने कहा कि मैं दिल्ली की जनता के लिए 24 घंटे उपलब्ध हूं। सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने फिर से दोहराया कि यमुना का जलस्तर फिर से डाउन हो जाएगा। चूंकि हम पूरी तरह से अलर्ट हैं, लिहाजा चिंता करने की जरूरत नहीं है।