Delhi Floods: दिल्ली की 'दहलीज' पर यमुना की बाढ़ का खतरा! शाम 5 बजे से लोहा पुल पर आवाजाही रहेगी बंद
Delhi Yamuna Flood: दिल्ली में यमुना खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। लोहा पुल पर मंगलवार शाम 5 बजे से वाहनों और आम लोगों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। जानें अभी कैसे हैं हालात...
दिल्ली में बाढ़ का खतरा।
Delhi Yamuna Flood: राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जो कि लगातार बढ़ती ही रहा है। दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर मंगलवार सुबह यमुना नदी का जलस्तर 205.75 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से ज्यादा है। यहां पर खतरे का निशान 205.33 मीटर है। सोमवार को हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज के सारे गेट खोल दिए गए और भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया। बैराज से छोड़ा गया पानी तेजी से दिल्ली की ओर बढ़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार शाम तक यमुना का जलस्तर 206 मीटर को पार कर सकता है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति हो सकती है।
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट पर है। 2 सितंबर यानी मंगलवार को शाम 5 बजे से लोहा पुल पर वाहनों और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी जाएगी। यमुना के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है, वहीं, सोमवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
निचले इलाकों में अलर्ट जारी
दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। यमुना नदी के किनारे रहने वाले लोगों को मकान खाली करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन की ओर से निचले इलाकों जैसे यमुना बाजार, उस्मानपुर गांव, बुराड़ी, जगतपुर और मयूर विहार इलाकों में अस्थायी टेंट की व्यवस्था की जा रही है। बाढ़ की स्थिति पैदा होने पर लोगों को टेंट में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
बता दें कि यमुना का जलस्तर 206 मीटर पहुंचने पर निचले इलाकों को खाली कराने का काम शुरू हो जाता है। वहीं, यमुना खादर इलाके के लोगों को मकान खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया है। यमुना के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा गोताखोरों की टीम नाव के जरिए यमुना किनारे तैनात है, जिससे नदी किनारे फंसे लोगों को बचाया जा सके।
इस इलाके में घुसा पानी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यमुना का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली के यमुना बाजार कॉलोनी के घरों में पानी घुसना शुरू हो गया है। इलाके के कई घरों में पानी भर गया गया। इसके कारण लोग अपने घर की छतों पर रहने के लिए मजबूर हो गए हैं। बाढ़ के हालात को देखते हुए कुछ लोग अपना सामान लेकर टेंट में शिफ्ट हो रहे हैं, जबकि कुछ लोग अपने घर की छतों पर सामान लेकर रह रहे हैं।