Firing on Lawyer: दिल्ली के त्रिलोकपुरी में घायल को बचा रहे वकील पर ताबड़तोड़ फायरिंग, CCTV खंगाल रही पुलिस
Delhi Firing Case: दिल्ली में एक वकील पर करीब 6 बदमाशों ने गोली चला दी है, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
दिल्ली में एक वकील पर फायरिंग। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Delhi Firing Case: दिल्ली के त्रिलोकपुरी से एक वकील पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हमला उस वक्त हुआ जब वकील किसी घायल की मदद के लिए पुलिस को सूचना दे रहे थे। करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं घायल वकील को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी मुताबिक घायल की पहचान नितिन हस्तौरिया के तौर पर हुई है। जांच में सामने आया है कि नितिन अपने परिवार के साथ त्रिलोकपुरी ब्लॉक 28 में रहते हैं और पेशे से वकील हैं। पुलिस पूछताछ में नितिन के भाई अमरदीप हस्तौरिया ने बताया कि 24 जनवरी की देर रात नितिन अपने ससुराल मीत नगर अपने साले की जन्मदिन पार्टी में गए थे।
जब वह रात करीब 12:30 बजे पार्टी से लौट रहे थे, तो उन्होंने विशाल नाम के शख्स को घायल अवस्था में ब्लॉक 27 में पड़ा देखा। विशाल को किसी ने चाकू मारा हुआ था, नितिन ने घायल की मदद करने के लिए पुलिस को सूचना देने लगे। उसी दौरान बदमाशों ने उन पर गोली चलाना शुरू कर दी और भाग गए।
आरोपियों की तलाश में पुलिस
गनीमत रही कि नितिन को जांघ में गोली लगी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती करवा दिया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं। मयूर विहार पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है, फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगालने में जुटी हुई है, ताकि आरोपियों की पहचान करके उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जा सके।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।