CM Rekha Gupta: सीएम ने आप पर साधा निशाना, 500 रुपए वाला बयान दिलाया याद
CM Rekha Gupta: दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हालांकि यमुना के पानी को लेकर सियासत जारी है। इस बीच सीएम रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के 500 रुपए वाले बयान को याद दिलाया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने आप पर साधा निशाना।
CM Rekha Gupta: देश में छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। दिल्ली में छठ घाटों पर तैयारियों के बीच यमुना नदी के पानी को लेकर सियासी महासंग्राम जारी है। सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में छठ पर्व की तैयारियों के बीच एक बड़ा बयान दिया है। सीएम रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी को उनके पुराने बयान को याद दिलाकर घेरने की कोशिश भी की। बता दें कि ये आम आदमी पार्टी का वही बयान है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे 500 रुपए लेकर दिल्ली आ जाते हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने ये भी बताया कि इस बार यमुना पर 17 मुख्य घाट और 1500 अतिरिक्त घाट बनाए गए हैं। इसका मकसद ये है कि लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के छठ पर्व पर पूजा कर सकें। सीएम रेखा ने कहा कि अब तक ऐसी भव्य तैयारियां कभी नहीं हुई थीं। पहले की सरकारें न तो छठ पर्व के इंतजाम करती थीं और न ही पूर्वांचली भाइयों को खुलकर त्योहार मनाने देती थीं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में लाखों की संख्या में पूर्वांचली लोग रहते हैं। इसके बावजूद पिछली सरकारों ने हमेशा छठ को नजरअंदाज किया। पहले त्योहार पर प्रतिबंध कर दिया गया था। अब हमने तय किया है कि दिल्ली में हर राज्य के त्योहारों को पूरे मन से मनाया जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 'पहले जिनके पास सत्ता थी, उनकी धारणा थी कि लोग 500 रुपए लेकर दिल्ली आ जाते हैं। लेकिन आज वे खुद इन भ्रांतियों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। छठ सिर्फ एक धार्मिक त्योहार नहीं बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक एकता की पहचान है। हमने वो कर दिखाया है, जिसके बारे में कभी किसी ने सोचा तक नहीं था। दोनों तरफ जहां-जहां आबादी है, वहां दोनों तरफ घाट बनाए गए हैं ताकि हर कोई अपने घर के पास छठ के त्योहार को खुशी और आराम से मना सके।'