Delhi: छात्राओं को फेल करने की धमकी, लंदन ले जाने का लालच...चैतन्यानंद केस में अब तक के बड़े खुलासे

Vasant Kunj Molestation Case: दिल्ली के नामी इंस्टीट्यूट में छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपी चैतन्यानंद को लेकर बड़े खुलासे हुए हैं। आरोपी वॉट्सऐप करके लड़कियों को फंसाने की कोशिश करता था। जानें पूरा मामला...

Updated On 2025-09-24 17:44:00 IST

चैतन्यानंद केस में अब तक हुए कई खुलासे।

Vasant Kunj Molestation Case: दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट में छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी स्वामी चैतन्यानंद को लेकर बड़े-बड़े खुलासे हो रहे हैं। इंस्टीट्यूट की 15 से ज्यादा छात्राओं ने आरोप लगाए हैं कि चैतन्यानंद उन्हें अश्लील मैसेज भेजता था और गलत तरीके से शारीरिक संपर्क बनाता था। इस गंदे काम के लिए वॉर्डन भी आरोपी की मदद करते थे।

वहीं, पुलिस की जांच में पता चला कि वह छात्राओं को अपने कमरे में बुलाता था। इसका विरोध करने पर उन्हें फेल करने की धमकी भी देता था। पुलिस ने बताया कि इंस्टीट्यूट की कई छात्राओं ने बाबा चैतन्यानंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में सभी पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

इस मामले की जांच में पता चला कि चैतन्यानंद छात्राओं को वॉट्सऐप मैसेज करके फंसाने की कोशिश करता था। वो उन्हें लंदन घुमाने ले जाने का भी लालच देता था। इस घिनौने काम में इंस्टीट्यूट की 3 वॉर्डन महिलाएं भी उसकी मदद करती थीं। इस मामले में वे तीनों भी आरोपी हैं।

3 वॉर्डन भी हैं आरोपी

डीसीपी साउथ-वेस्ट दिल्ली ऐश्वर्या सिंह ने बताया कि इस मामले में सभी छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन वह अपनी लोकेशन बदल रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि वॉर्डन पर पर आरोप है कि वे छात्राओं को धमकाती थीं और उनकी वॉट्सऐप चैट डिलीट करवाती थीं। पुलिस ने तीनों वॉर्डन के बयान दर्ज कर लिए हैं।

आरोपी चैतन्यानंद की क्राइम कुंडली

पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी स्वामी चैतन्यानंद ओडिशा का रहने वाला है। वह नई दिल्ली स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट का प्रबंधन करता था। आरोप है कि चैतन्यानंद ने इंस्टीट्यूट में ईडब्ल्यूएस स्कॉलरशिप के तहत पीजीडीएम (पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट) कोर्स कर रही छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की है। इस मामले में पिछले महीने ही केस दर्ज किया गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी पहले भी विवादों में रहा है। इससे पहले साल 2009 में, डिफेंस कॉलोनी में उसके खिलाफ धोखाधड़ी और छेड़छाड़ का केस दर्ज हुआ था। इसके बाद साल 2016 में मामला दर्ज हुआ था। साल 2016 में वसंत कुंज में एक महिला ने चैतन्यानंद के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था।

किसी दूसरे के नाम पर लग्जरी गाड़ी

डीसीपी साउथ-वेस्ट दिल्ली ऐश्वर्या सिंह ने बताया आरोपी अभी फरार है। पुलिस की टीम उसकी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि इंस्टीट्यूट के बेसमेंट से एक वोल्वो कार जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल आरोपी चैतन्यानंद करता था। कार पर यूएन डिप्लोमैटिक की नंबर प्लेट लगी थी। जांच करने पर पता चला कि यह नंबर फर्जी है। इसके अलावा गाड़ी भी किसी दूसरे के नाम पर दर्ज है। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

आरोपी की लास्ट लोकेशन मिली आगरा

पुलिस के अनुसार, यौन उत्पीड़न का शिकार हुई सभी पीड़िता ईडब्ल्यूएस कैटेगरी की हैं। अब तक 15 से ज्यादा छात्राओं ने आरोपी के खिलाफ कोर्ट में बयान दर्ज कराए हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी को पकड़ने के लिए दिल्ली से लेकर हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, यूपी समेत कई राज्यों में छापेमारी कर रही है। आरोपी की लास्ट लोकेशन आगरा पाई गई थी।

इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने एक नोटिस जारी कर 3 दिनों के अंदर डिटेल रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।

Tags:    

Similar News