नहले को दहला?: केजरीवाल गया, झाग गया... इस तंज पर 2 दिन बाद AAP बोली- देखो वो आ गया

दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने छठ पूजा संपन्न होने के बाद तंज कसा था कि केजरीवाल गया, झाग गया। अब दो दिन बाद आप ने इस तंज का जवाब तंज से दिया है।

Updated On 2025-10-30 17:58:00 IST

'केजरीवाल गया, झाग गया' के तंज पर 'आप' का बीजेपी पर पलटवार।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली में छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल न होने को बिहार चुनाव में मुद्दा बनाया जा रहा है। पूछा जा रहा है कि अगर दिल्ली की सरकार ने यमुना को इतना स्वच्छ कर लिया था तो पीएम मोदी के लिए नकली यमुना क्यों बनानी पड़ी? क्यों पीएम मोदी छठ पूजा के लिए क्यों नहीं आए? दिल्ली की भाजपा सरकार ने दो दिन पहले ही इस सवाल का जवाब देते हुए अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा था। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा था, 'केजरीवाल गया, झाग गया।' अब दो बाद आप ने बीजेपी के इस तंज पर जवाब दिया है।

आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, 'देखो वो आ गया.. नकली यमुना बनी, BJP नेताओं ने ड्रामे किए, मोदी जी का शूट कैन्सल हो गया... और इन सबके बाद आज यमुना में झाग की वापसी हो चुकी है।

धीरे-धीरे बढ़ेगा यमुना प्रदूषण ?

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो छठ पूजा के दौरान श्रद्धालु स्वच्छ जल से सूर्य देव को अर्घ्य दे सकें, इसके लिए हथिनी कुंड बैराज से यमुना में अधिक पानी छोड़ा जा रहा था। अब छठ पूजा संपन्न होने के बाद कम पानी छोड़ा जा रहा है। छठ से पहले जहां हथिनी कुंड बैराज से अलग-अलग दिन 4500 से लेकर 10000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

वहीं, बुधवार को दोपहर सिर्फ 350 क्यूसेक पानी ही यमुना में छोड़ा गया। इसके कुछ घंटे बाद 2000 क्यूसेक और रात को 3000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।आम आदमी पार्टी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें नाम मात्र के झाग नजर आ रहे हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अगर नालों के पानी को सही तरीके से उपचारित नहीं किया गया दोबारा से बड़े पैमाने पर सफेद झाग दिखना तय है।

प्रवेश वर्मा ने कसा था तंज

छठ पूजा संपन्न होने के बाद दिल्ली के जल मंत्री ने यमुना के घाटों पर सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा था कि पहली बार श्रद्धालुओं ने यमुना के स्वच्छ पानी में सूर्य देव को अर्घ्य दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अर्घ्य दिया, यह पहली बार हुआ है कि किसी मुख्यमंत्री ने अर्घ्य दिया। उन्होंने नकली यमुना को लेकर आप के आरोपों पर कहा था कि छठ संपन्न हो गया, अब उनकी राजनीति भी खत्म हो गई। साथ ही कहा कि केजरीवाल गया, झाग गया।

आम आदमी पार्टी की ओर से शेयर किए गए वीडियो का दृश्य। 

बिहार चुनाव में उठ रहा मुद्दा

दिल्ली में नकली यमुना बनाने का मुद्दा बिहार विधानसभा चुनाव में भी गूंज रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर विवादित बयान दिया था कि पीएम मोदी का यमुना से... छठ पूजा से कुछ लेना देना नहीं है। उन्हें सिर्फ वोट चाहिए। इसके अलावा भी कई बातें कहीं, जिस पर बीजेपी भड़क गई। प्रधानमंत्री ने भी कहा कि छठ मइया के अपमान को बिहार की जनता स्वीकार नहीं करेगी। बावजूद इसके आज की रैली में भी राहुल गांधी ने नकली यमुना को लेकर प्रहार जारी रखा। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भी ऐसा ही बयान देकर राहुल गांधी का बचाव किया। क्लिक कर पढ़िये संबंधित खबर 

Similar News