ASP की शहादत: वन मंत्री कश्यप शोक व्यक्त कर बोले- ऐसी घटना दोबारा ना हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा
आईईडी ब्लास्ट में ASP आकाश राव गिरपुन्जे के शहीद होने पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, उनकी शहादत होना अत्यंत ही दुखद है।
शहीद एएसपी आकाशराव गिरपुंजे
लीलाधर राठी- सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आईईडी ब्लास्ट में ASP आकाश राव गिरपुन्जे शहीद हो गए। उनके निधन पर मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि, आज सुबह सुकमा जिले के एएसपी आकाश राव गिरपुन्जे की शहादत होना अत्यंत ही दुखद है। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए कि, ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। 31 मार्च 2026 को हमारे केंद्रीय गृह मंत्री ने एक संकल्प लिया था, और हमारे मुख्यमंत्री लगातार उस दिशा में काम कर रहे हैं।
पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे
वहीं इस हादसे की खबर मिलते ही सांसद प्रतिनिधि और पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण सिंह भदौरिया घटना स्थल पहुंचे। श्री भदौरिया ने IED हमले में शहीद एसपी आकाश राव को श्रद्धांजलि अर्पिंत की। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए IED हमले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरपुंजे के शहीद होने की खबर से स्तब्ध हूं। उनकी वीरता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को राष्ट् सदैव स्मरण रखेगा। देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले मां भारती के वीर सपूत को सादर नमन। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारजनों को दुख की घड़ी में सबल और घायलों को शीघ्र- अति- शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
नक्सलियों को भुगतना होगा इसका परिणाम- CM
वहीं CM विष्णुदेव साय ने गहरा शोक जताते हुए कहा कि, यह अत्यंत ही दुखद है और मैं उनकी शहादत को नमन करता हूँ। इस कायराना हमले में कुछ अन्य अधिकारी एवं जवानों के भी घायल होने की सूचना मिली है। घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि, छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा एक बड़ी लड़ाई लड़ी जा रही है। जिसमें सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। इसी से बौखलाकर नक्सली इस तरह की कायराना करतूतों को अंजाम दे रहे हैं। नक्सलियों को इसका परिणाम भुगतना होगा। अब ज्यादा दूर नहीं, जब छत्तीसगढ़ से इनका अस्तित्व ही समाप्त कर दिया जाएगा। राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ी है।