44 नक्सलियों का समर्पण: सीएम साय ने लिखा- बंदूकें हो रहीं ख़ामोश, बदलाव की राह पर बीजापुर
44 हार्डकोर नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर सीएम विष्णुदेव साय ने X पर ट्वीट कर लिखा कि, बंदूकें अब ख़ामोश हो रही हैं और बीजापुर बदलाव की राह पर है।
सीएम विष्णुदेव साय
रायपुर। छत्तीसगढ़ में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन में गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। जहां प्रदेश के अलग- अगल स्थानों पर 44 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। नक्सलियों के आत्मसमर्पण करने पर सीएम विष्णुदेव साय ने X पर ट्वीट कर लिखा कि, बंदूकें अब ख़ामोश हो रही हैं और बीजापुर बदलाव की राह पर है। बीजापुर जिले में ₹1 करोड़ 15 लाख के 23 इनामी समेत 25 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
उन्होंने आगे कहा कि, यह बदलाव कोई संयोग नहीं, बल्कि हमारी सरकार की "आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025" और जनकल्याणकारी योजनाओं की व्यापक स्वीकार्यता का प्रमाण है। ‘नियद नेल्लानार योजना’ जैसी पहलों ने आदिवासी अंचलों में विश्वास की नींव रखी है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में मार्च 2026 तक नक्सलवाद का समूल उन्मूलन निश्चित है। हम आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास एवं समाज में सम्मानजनक जीवन देने का हर प्रयास सुनिश्चित करेंगे।
44 हार्डकोर नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ में गुरुवार 24 जुलाई को कुल 44 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इन सभी पर दो करोड़ 10 रुपयों का इनाम था। जहां नारायणपुर में 8, कांकेर में 13 और उत्तरी बस्तर में 23 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर सुरक्षाबलों के सामने हथियार डाले। ये सभी नक्सली कई हिंसक घटनाओं और वारदातों में शामिल रह चुके हैं। इन सभी को शुरूआती इनाम 50-50 हजार रुपये का चेक दिया गया है।
बीजापुर में SZCM समेत 23 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
बीजापुर में नक्सलियों के स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य जगदीश इरपा समेत कुल 23 नक्सलियों ने बीजापुर में समर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वाले 23 नक्सलियों पर 1 करोड़ 15 लाख रुपयों का इनाम था। इन्होने IG बस्तर, DIG दंतेवाड़ा, SP बीजापुर और DID CRPF के सामने नक्सलियों ने समर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वालों में SZCM-01, DVCM-02, कंपनी PPCM-02, बटालियन एवं कंपनी पार्टी सदस्य -03, ACM-8, एरिया कमेटी पार्टी सदस्य-02, LOS सदस्य -04, जनताना सरकार अध्यक्ष-01, मिलिशिया कंपनी सदस्य-01 एवं जनताना सरकार उपाध्यक्ष-01 शामिल हैं। इनके आत्मसमर्पण करने से माओवादियों का शीर्ष कैडर टूट गया है।
कांकेर में 13 नक्सलियों ने डाले हथियार
कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। 62 लाख के ईनामी 13 नक्सलियों ने आत्म समर्पण किया है। इनमें 5 महिला नक्सली भी शामिल हैं। ये सभी लंबे समय से नक्सल संगठन में सक्रिय थे। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में कंपनी कमांडर भी शामिल है। इन सभी ने एसपी आई कल्याण एलिसेला के सामने आत्मसमर्पण किया है।
नारायणपुर में आठ नक्सलियों ने डाले हथियार
अबूझमाड़ में सक्रिय नक्सलियों के टेक्निकल टीम के कमांडर सहित आठ नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। सरकार नक्सल मुक्त बस्तर के एलान को धरातल में कामयाब करने फोर्स मॉनसून ऑपरेशन चला रही हैं। घने जंगलों में फोर्स की आमद होने से नदी नालों को सुरक्षा कवच मानकर रहने वाले नक्सलियों में भय का वातावरण बन गया हैं। इसी के चलते नक्सल संगठन को छोड़कर नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं।