दाल की कीमतों में आई गिरावट: सालों बाद सौ के नीचे पहुंचा दाम, अरहर के साथ मटर के दाम भी गिरे
अरहर दाल की कीमत अब जाकर तीन साल बाद सौ रुपए के अंदर पहुंची है। 2022 में अरहर दाल की कीमत 100 से 110 रुपए थी, अब यही कीमत इस समय हो गई है।
File Photo
रायपुर। अरहर दाल की कीमत अब जाकर तीन साल बाद सौ रुपए के अंदर पहुंची है। 2022 में अरहर दाल की कीमत 100 से 110 रुपए थी, अब यही कीमत इस समय हो गई है। चिल्हर में अच्छी क्वालिटी की दाल 100 रुपए और बहुत ज्यादा अच्छी क्वालिटी की कटनी की उपहार दाल 110 रुपए में मिल रही है। बीते साल के दिसंबर में ही अरहर दाल की कीमत चिल्हर में 180 रुपए थी। बीते साल तो इसके दाम दो सौ रुपए के पार भी गए। थोक में ही इसकी कीमत 190 रुपए तक चली गई थी। दूसरी दालों के दाम भी अब कम हो गए हैं। ज्यादातर दालों के दाम इस समय थोक में सौ रुपए के अंदर हैं। चिल्हर में दाम कुछ सौ रुपए के अंदर हैं। चिल्हर में दाम कुछ ज्यादा हैं।
थोक कारोबारी गोविंद माहेश्वरी के मुताबिक, मटर के दाम बहुत कम हो गए हैं, क्योंकि इस पर आयात शुल्क में अगले साल मार्च तक केंद्र सरकार ने छूट दे दी है। मटर के दाम थोक में 36 से 38 और चिल्हर में 40 से 45 रुपए हैं। इसके दाम भी बीते साल सौ रुपए से ज्यादा थे। अमूमन हर घर, होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में अरहर दाल ही ज्यादातर बनाई जाती है। इस दाल की डिमांड पूरे देश में सबसे ज्यादा रहती है। अपने राज्य छत्तीसगढ़ में भी इसकी डिमांड ज्यादा है। यहां पर यह दाल महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से ज्यादा आती है। वैसे लोकल दाल की भी बहुत मांग रहती है। आमतौर पर महाराष्ट्र और मप्र की दाल को ज्यादा पसंद किया जाता है। इसके दाम लोकल दाल से थोड़े ज्यादा रहते हैं।
दो सौ के पार हो गए थे दाम
अरहर दाल की कीमत तीन साल पहले 2022 में थोक में 90 से 100 रुपए और चिल्हर में 100 से 110 रुपए थी। बाद में इसके दाम बढ़ने प्रारंभ हुए तो 2023 में इसकी कीमत दौ सौ रुपए के पार हो गई। थोक में जहां कीमत 190 रुपए हो गई, वहीं चिल्हर में इसके दाम 210 से 220 रुपए हो गए। ऐसा ही 2015 में भी हुआ था, जब फसल प्रभावित हुई थी। 2023 में भी फसल कम होने की बात की गई। इसके बाद तो इसका असर 2024 तक रहा। इस साल भी इसके दाम दो सौ रुपए तक रहे। 2024 के अंतिम माह में कीमत थोक में 140 से 160 और चिल्हर में 160 से 180 रुपए तक रही।
नई फसल से घटे दाम
इस साल जनवरी में जब इसकी नई फसल आई तो इसके बाद इसके दाम घटने प्रारंभ हुए। हालांकि शुरुआत में ज्यादा दाम कम नहीं हुए, लेकिन फिर भी राहत रही, क्योंकि जो दाल चिल्हर में 160 से 180 रुपए मिल रही थी, वह कम होकर 140 से 160 रुपए हो गई। इसके बाद लगातार दाम कम होते-होते अब जून के अंतिम सप्ताह में इसके दाम थोक में 90 से 105 और चिल्हर में 100 से 110 रुपए हो गए हैं। थोक में 105 रुपए वाली दाल कटनी की अच्छी क्वालिटी की उपहार दाल है, यह चिल्हर में 110 में मिल रही है। इसी तरह से थोक में 90 रुपए में मिलने वाली दाल चिल्हर में 100 रुपए में मिल रही है।
अन्य दालें भी सस्ती
अन्य दालें भी इस समय सस्ती हो गई हैं। चना दाल थोक में 70 से 72 और चिल्हर में 80 से 85 रुपए, उड़द दाल थोक में 90 और चिल्हर में 110 रुपए, मूंगदाल थोक में 108-110 और चिल्हर में 120 रुपए है। इसकी फसल अगले माह आने वाली है, तब इसके दाम कम हो जाएंगे। देशी चना थोक में 60 चिल्हर में 70 रुपए में मिल रहा है। चना दाल थोक में 75-80 और चिल्हर में 90 रुपए किलो है। काबुली चना भी बहुत सस्ता हो गया है। इसके दाम भी 180 रुपए तक चले गए थे, अब यह थोक में 100 रुपए और चिल्हर में 110 रुपए में बिक रहा है।