तिजहारिनों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता : चीफ गेस्ट भाजपा नेता देवांगन बोले- स्त्री ऋण से कभी मुक्ति नहीं पा सकते पुरुष

कोलियारी के नवयुवक संगठन ने तीज पर्व के अवसर पर शुक्रवार देर शाम तिजहारिनों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया।

Updated On 2024-09-08 16:41:00 IST

श्याम किशोर शर्मा- राजिम। ग्राम कोलियारी के नवयुवक संगठन ने तीज पर्व के अवसर पर शुक्रवार देर शाम तिजहारिनों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। देवांगन ने अपने उद्बोधन में उपस्थित तिजहारिनों और ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि, तीजा पर्व छत्तीसगढ़ की सुहागिन महिलाओं का सबसे बड़ा पर्व है।  इस पर्व पर महिलाएं अपने मायके जाकर अपने सुहाग की रक्षा के लिए निर्जला व्रत धारण करती हैं। वास्तव में हम पुरुषों की सलामती का सबसे प्रमुख कारण हमारी पत्नियां हैं, जिनके व्रत, तप और त्याग के चलते भगवान हमें बार-बार अभयदान देते रहते हैं। पुरुष जीवन के कितने भी ऋणों से मुक्ति पा ले लेकिन स्त्री ऋण से मुक्ति नहीं पा सकताछ क्योंकि स्त्री उसे, मां, बहन, बेटी, पत्नी, बहू आदि रूप में उपकृत करती रहती है।

देवांगन ने आगे कहा कि, हर सुहागिन महिला तीज पर्व का साल भर इंतजार करती है क्योंकि इस बहाने उसे अपने मायके जाने का अवसर मिलता है।  जहां वह अपने मायके वालों, सहेलियों, अपने गांव के बुजुर्गों से मिलती है। साथ ही गांव में विवाह पूर्व बीते अपने जीवन के अमूल्य क्षणों को समेटने का भी प्रयास करती है। यह बड़ी खुशी की बात है कि, नवयुवक संगठन कोलियारी ने तिजहारिनों के सम्मान में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन कर, उन्हें कुछ घंटों के लिए विवाहित जीवन के दैनिक तामझाम से दूर रख खेलकूद करने का आनंद लेने का अवसर प्रदान किया। इससे तिजहारिनों के तीजा पर्व का उत्साह दुगुना हो गया। 

इसे भी पढ़ें : अंतरराज्यीय ठग गिरोह पकड़ा गया: नमक को पोटाश खाद बताकर करते थे किसानों से लूट, राजस्थान से चार गिरफ्तार
मजबूत समाज और देश के निर्माण में महिलाओं का अहम योगदान

देवांगन ने तिजहारिनों से कहा कि, प्रतियोगिता में हार-जीत महत्वपूर्ण नहीं होता। बल्कि खेलभावना और आनंद महत्वपूर्ण होता है। आप सभी चैंपियन हैं क्योंकि आप लोग अपने गृहस्थ जीवन का सफलतापूर्वक संचालन कर रही हैं। आप सब से निवेदन है कि, अपने-अपने परिवार को हमेशा एक सूत्र में पिरोये रखें और अपने बच्चों को सुसंस्कार प्रदान कर एक सभ्य और मजबूत समाज और देश के निर्माण में अहम योगदान दें। 

ये रहे मौजूद 

कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन में जगमोहन चक्रधारी, मन्नू चक्रधारी, गोपी चक्रधारी, गजेंद्र चक्रधारी, रविकुमार निषाद, अमितेश चक्रधारी, पवन चक्रधारी, वीरेंद्र यादव, हेमराज चक्रधारी, पोखराज चक्रधारी, तिजेश्वर चक्रधारी, देवलाल चक्रधारी, प्रवीण चक्रधारी, पुनाराम चक्रधारी, मुकेश चक्रधारी, लुकेश चक्रधारी, मोहित चक्रधारी, अमन चक्रधारी, रवि चक्रधारी, श्रीराम चक्रधारी, सनत चक्रधारी, सचिन चक्रधारी, किशन चक्रधारी आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।
 

Similar News