जारी रहेगा तापमान का गिरावट का दौर : दोपहर बाद फिर आंधी-बारिश होने के आसार, 10 जून तक हो सकती है मानसून की एंट्री

छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। 10 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-05-09 11:58:00 IST
आंधी-बारिश होने के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए कुछ राहत की खबर है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों तक अंधड़ और बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने करवट ली है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

तीन दिन चलेगा बदले मौसम का असर

9 से 11 मई के बीच प्रदेश में मौसम का असर सबसे अधिक महसूस किया जाएगा। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, यह स्थिति गर्मी से कुछ राहत देने वाली होगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर दोबारा तेज हो सकता है। अनुमान है कि तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

राजधानी रायपुर का हाल

गुरुवार को रायपुर में सुबह तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। राजधानी में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया। इसके विपरीत, जगदलपुर 21 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा।

मानसून की आहट

मौसम विभाग के अनुसार, 13 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ेगा। इसके आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि, छत्तीसगढ़ में मानसून 10 जून तक दस्तक दे सकता है।

Similar News