छत्तीसगढ़ में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी : अगले पांच दिन में कुछ जगहों पर बारिश के आसार, मैदानी इलाकों में बढ़ेगा तापमान

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक एक दो जगह पर गरज चमक के साथ तेज हवा चलने और बारिश की संभावना है।आज 15 अप्रैल को राजधानी रायपुर में आकाश आंशिक रूप से छाए रहने की संभावना है। 

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-04-15 15:27:00 IST
छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक एक दो जगह पर गरज चमक के साथ तेज हवा चलने और बारिश की संभावना है

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक एक दो जगह पर गरज चमक के साथ तेज हवा चलने और बारिश की संभावना है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री वृद्धि होने की संभावना है। वहीं दक्षिणी भागों में 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगी। बीते 24 घंटे में प्रदेश के दक्षिणी भागों के कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ तेज हवा और हल्की बारिश दर्ज की गई है। 

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अब तक की सबसे कम बारिश दर्ज की गई है, वहीं छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। आज मंगलवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में बादल छाए रहने की संभावना है। बूंदाबांदी और नमी वातावरण की वजह से बीते दिनों की तुलना में अधिकतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान दर्ज हुए इन जिलों में

बीते दिनों सोमवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया है। यहां दिन का पारा 39 डिग्री रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया था, जहां रात का पारा 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 25.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ सकता है।

रायपुर में मौसम का तापमान

राजधानी रायपुर में आज 15 अप्रैल को आकाश आंशिक रूप से छाया रहेगा। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38.6°C डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.18 डिग्री सेल्सियस है।

छत्तीसगढ़ की जलवायु उष्णकटिबंधीय आर्द्र और शुष्क है, तथा वर्ष भर तापमान मध्यम रहता है। सिवाय मार्च से जून तक के, जो अत्यधिक गर्म हो सकता है। यहां अप्रैल और मई के चरम गर्मी के महीनों के दौरान, पारा लगभग 49 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाता है। जिससे यह क्षेत्र बेहद गर्म हो जाता है। इन महीनों में चिलचिलाती धूप के कारण, बहुत से लोग छत्तीसगढ़ की यात्रा नहीं करना चाहते हैं। रायपुर जैसी जगहें समुद्र तट से बहुत दूर हैं और बहुत जल्दी गर्म हो जाती है।

Similar News