जनसंपर्क अभियान : अरुण सार्वा बोले- नवाचार अपनाने से कृषि होगी सुदृढ़

छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले धमतरी जिले के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 के भाजपा प्रत्याशी अरुण सार्वा ने गांवों में जनसंपर्क किया। 

Updated On 2025-02-16 15:48:00 IST
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा का जनसंपर्क अभियान

गोपी कश्यप- नगरी। छत्तीसगढ़ में आगामी दिनों में पंचायत चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले धमतरी जिले के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 के भाजपा प्रत्याशी अरुण सार्वा ने कमर कस ली है। उन्होंने ग्राम बासीन, अर्जुनी सहित अन्य गांवों में चुनाव प्रचार किया। 

इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्थिक संपन्नता से जीवन सुखमय बनता है और इसे प्राप्त करने के लिए आधुनिक कृषि पद्धतियों और नवीनतम टेक्नोलॉजी को अपनाना आवश्यक है। 

कृषि में आधुनिकता से होगा किसानों का आर्थिक सशक्तिकरण

अपने संबोधन में अरुण सार्वा ने कहा कि, खेती में वैज्ञानिक तरीकों और नई टेक्नोलॉजी के समावेश से किसानों की आमदनी को कई गुना बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने किसानों को प्रेरित किया कि, वे पारंपरिक कृषि के साथ-साथ उन्नत बीज, जैविक खेती, ड्रिप सिंचाई और आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग करें, जिससे उत्पादन में वृद्धि होगी और आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी।

किसानों और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना ही मेरा लक्ष्य 

अरुण सार्वा ने आगे कहा कि, मेरा लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं बल्कि क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मेरे पास इसका अनुभव है और मैं चाहता हूं कि, मेरे अनुभव का लाभ हर किसान और हर परिवार को मिले।

त्रिस्तरीय भाजपा सरकार से होगा सर्वांगीण विकास

अरुण सार्वा ने ग्रामीणों से अपील की कि, केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार पहले से है। अब पंचायत स्तर पर भी भाजपा को जिताना आवश्यक है। जब त्रिस्तरीय भाजपा सरकार बनेगी, तभी विकास योजनाओं का समुचित लाभ ग्रामीण जनता तक पहुंचेगा और क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी।

ग्रामीणों में भाजपा के प्रति उत्साह, समर्थन का संकल्प

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वरिष्ठ कार्यकर्ता सुगनचंद साहू, गिरवर भंडारी, रमेश साहू, बलदाऊ यादव, लव कुमार साहू और सतीश साहू ने भी जनसंपर्क में भाग लिया और भाजपा को जिताने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने कहा कि, वे विकास की इस यात्रा में भाजपा प्रत्याशी अरुण सार्वा का पूरा समर्थन करेंगे।

एक-एक वोट से तय होगा गांवों का भविष्य

अपने संबोधन के अंत में अरुण सार्वा ने सभी से आग्रह किया कि, वे अपने बहुमूल्य वोट का सही उपयोग करें और भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाएं। इससे क्षेत्र में विकास की गति और तेज हो सकेगी।

Similar News