विधायक चंद्राकर की कांग्रेस को सलाह : संवेदनशील मामलों को लेकर राजनीति न करे विपक्ष, अच्छे मुद्दे तलाशे

धमतरी जिले के कुरुद क्षेत्र में एक बच्ची के साथ नाबालिग ने घिनौनी हरकत कर दी। घटना के महीनेभर बाद कांग्रेस ने इस घटना के लिए जांच समिति बनाई है।

By :  Ck Shukla
Updated On 2024-10-14 19:23:00 IST
विधायक अजय चन्द्राकर

यशवंत गंजीर- कुरुद। धमतरी जिले के कुरुद विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत 4 वर्षीय बच्ची के साथ हुई रेप की घटना को विधायक अजय चन्द्राकर ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है। श्री चंद्राकर ने नगर के कुछ पत्रकारों से चर्चा करते हुए इस गंभीर मुद्दे पर कांग्रेस को राजनीति नहीं करने की सलाह दी है।

पत्रकारों से श्री चन्द्राकर ने कहा कि, बच्ची से दुष्कर्म की घटना अत्यंत गंभीर विषय है। दुष्कर्म जैसे वीभत्स अपराध को झेल रही बच्ची व उनके परिवार के साथ हमारी पूरी सहानभूति व सहयोग है। हमारा प्रयास है कि, बच्ची व उनके परिवार की पहचान उजागर न हो। अभी तक नाम गोपनीय रखा गया है। प्रशासन की देखरेख में उचित कार्रवाई की गई। बच्ची के उपचार में किसी प्रकार की कहीं कमी नहीं आने दिया जाएगा। वर्तमान में एक अच्छे अस्पताल में बच्ची का उपचार हो रहा है। और यदि आवश्यकता हुई तो और भी बेहतर उपचार की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस ने इस घटना के लिए जांच कमेटी गठित की है। जांच समिति के किसी कदम से पीडिता या उनके परिजनों का नाम उजागर हुआ तो भाजपा इसका पुरजोर विरोध करेगी। कुरुद विधायक ने कहा कि, यह घटना 18 सितंबर की है। महीने भर बाद कांग्रेस द्वारा समिति घोषित करना आश्चर्यजनक और हास्यप्रद है। कांग्रेस संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक करने से बाज आए। विपक्ष को राजनीति ही करनी है तो ऐसे गंभीर विषयों को छोड़ दें और अन्य विषय तलाशे।

इसे भी पढ़ें...सूरजपुर में आग ही आग : हत्याकांड से भड़का आक्रोश, शहर में कई जगहों पर आगजनी, भीड़ से जान बचाकर भागे SDM

प्रशासन की लापरवाही से बच्ची ईलाज हेतु भटकती रही

बता दे कि 18 सितंबर की शाम कुरुद क्षेत्र की एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक किशोरावस्था के नाबालिग ने दुष्कर्म किया। जिसके इलाज हेतु अगले दिन सिविल अस्पताल कुरुद पहुंचने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया। इधर पीड़ित बच्ची को चार टांके लगे। करीब 22 दिन बाद पीड़ित बच्ची की तबियत बिगड़ी तो इलाज हेतु जिला अस्पताल में भटकते पाया गया। जब मीडिया की नजर पड़ी तो मामला उजागर हुआ तब हरकत में आई शासन-प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए बच्ची को इलाज के लिए रायपुर रिफर किया। अब उनकी स्थिति में काफी सुधार बताया जा रहा है। 

घटना को लेकर कांग्रेस ने गठित की है जांच समिति

कुरुद क्षेत्र में घटित इस दुष्कर्म कांड को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 7 सदस्यों की जांच समिति बनाई है। जिसकी अध्यक्ष बालोद विधायक संगीता सिन्हा है। जांच समिति कांग्रेस जिलाध्यक्ष धमतरी शरद लोहाना, धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, जिपं. सभापति धमतरी तारिणी चंद्राकर, सदस्य कविता बाबर, पूर्व जनपद अध्यक्ष धमतरी घामेश्वरी साहू शामिल है। जोकि बुधवार को जांच के लिए पहुंचने वाली है। ऐसे में पीड़ित परिवार की पहचान उजागर होने की आशंका है जिसको लेकर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने बयान जारी किया है।

Similar News