लोकसभा चुनाव : कांग्रेस भरवा रही नारी न्याय गारंटी फार्म, सीएम बोले- एक नहीं पांच लाख दे, जनता देगी बीजेपी को वोट 

लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने नारी न्याय गारंटी का फार्म भरवा रही है। जिस पर सीएम विष्णुदेव साय ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि, कांग्रेस हमेशा ख्याली पुलाव पकाती रहती है और जनता का विश्वास कांग्रेस से उठ चुका है। 

By :  Ck Shukla
Updated On 2024-03-30 15:42:00 IST
सीएम विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर कसा तंज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है, 7 मई को पहले चरण की वोटिंग होनी है। बीजेपी की महतारी वंदन योजना के जवाब में कांग्रेस ने नारी न्याय गारंटी का ऐलान किया है और उसका फार्म भी भरवाना शुरू कर दिया है। शनिवार को बूथ विजय अभियान के कार्यक्रम में सीएम विष्णुदेव साय ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि, ना नौ मन तेल होगा ना राधा नाचेगी। कांग्रेस हमेशा ख्याली पुलाव पकाती रहती है और जनता का विश्वास कांग्रेस से उठ चुका है। 

उन्होंने आगे कहा कि, छत्तीसगढ़ में जनता का कांग्रेस से भरोसा पूरी तरह उठ चुका है। कांग्रेस चाहे एक लाख दें या 5 लाख देने की बात कहें। जनता अब विश्वास नहीं करने वाली है और भाजपा सभी 11 सीटें जीतने वाली है। बूथ विजय अभियान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, पूरे छत्तीसगढ़ में बूथ विजय अभियान का शुभारंभ हो रहा है। जिसके तहत भाजपा का झंडा हर घर में लगाना है और भाजपा को जिताने का संकल्प लेना है। दो चार घरों में भाजपा का ध्वज लगाए हैं। सभी कार्यकर्ता मतदाताओं के घरों में जाकर झंडा लगाएंगे।

कांग्रेस बोली- नाथूराम गोडसे देश का पहला आतंकवादी

बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर द्वारा कांग्रेस आतंकी संगठन बताने के बयान पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार करते हुए कहा कि, नाथूराम गोडसे देश का पहला आतंकवादी था। गोड़से के अनुयायियों का कांग्रेस को आतंकी संगठन बताना हास्यास्पद है। अजय चंद्राकर मानसिक रूप से विचलित हो चुके हैं। इसलिए अजय चंद्राकर को मंत्रिमंडल से बाहर रखा गया है और उनकी वरिष्ठता को दरकिनार किया गया है। दूध में गिरी मक्खी के समान निकालकर फेंक दिया गया और इसलिए वह विचलित होकर ऐसा बयान दे रहे हैं। 

रामकुमार शुक्ला की चिट्ठी पर चंद्राकर ने कसा था तंज 

कांग्रेस नेता रामकुमार शुक्ला ने हमले की आशंका जताई है। इस जानकारी को देने के लिए उन्होंने कलेक्टर को चिट्ठी भी लिखी है। हमले के डर से कांग्रेस नेता रामकुमार शुक्ला ने लाइसेंसी रिवॉल्वर वापस मांगी है। जिसको लेकर वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने आज कहा कि, चूंकि पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस में स्लीपर सेल की बात स्वीकार की है। इसका मतलब है कि, कांग्रेस एक आतंकी संगठन है। उस आतंकी संगठन से किसी को भी खतरा हो सकता है। रामकुमार शुक्ला का बात गलत नहीं है। कोई भी स्लीपर सेल वाला उनकी हत्या कर सकता है। प्रशासन को इस विषय पर ध्यान देना चाहिए। 

Similar News