हादसे को निमंत्रण देते पर्यटक : छलकते खूंटाघाट बांध में आनंद लेने के लिए जान जोखिम  में डाल रहे लोग

रतनपुर के खूंटाघाट बांध में जान जोखिम में डालकर पर्यटक वेस्ट वेयर से कूदते हुए नजर आए। इसके पहले भी वेस्ट वेयर में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन इसके बाद भी लोग जान जोखिम में डालने से नहीं मान रहे।

By :  Ck Shukla
Updated On 2024-07-31 14:52:00 IST
पानी के बीच पर्यटक

प्रेम सोमवंशी- कोटा। छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से नदी- नाले और बांध लबालब भर गए हैं। बारिश के इस मौसम का मजा लेने के लिए पर्यटक बउ़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। रतनपुर के खूंटाघाट बांध में जान जोखिम में डालकर पर्यटक वेस्ट वेयर में उछलते पानी के बीच कूदते हुए नजर आए। इसके पहले भी वेस्ट वेयर में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन इसके बाद भी प्रशासन ऐसे जगहों पर जान जोखिम में डालने से नहीं रोक पा रहा है। लगातार बारिश होने की वजह से बांध का वेस्ट वेयर भर गया है और उससे पानी तेज़ी से बह रहा है। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि, क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना होने का इंतजार कर रहा है। 

कोरबा में कई जगहों पर जल भराव 

कोरबा जिले में मंगलवार की रात झमाझम बारिश हुई। कई जगहों में जल भराव की स्थिति बन गई है। वहीं लोगों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम क्षेत्र की अमरिया पारा में जल भराव से लोग परेशान हैं। उन्हें डर सताने लगा है कि अगर दिन भर लगातार बारिश हुई तो उन्हें भारी नुकसान हो सकता है। लोगों ने आरोप लगाया है कि पानी निकासी का मार्ग नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है, जिसकी जवाबदारी नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी हैं।। समय से पहले अगर इस पर ध्यान दिया जाता तो ऐसी स्थिति बनती। इस बस्ती में कई घर ऐसे हैं, जो जल भराव से बेहद परेशान हैं।

दादर में भारी बारिश से अस्त- व्यस्त हुआ जनजीवन 

रविशंकर शुक्ला नगर क्षेत्र से दादर खुर्द जाने वाले मार्ग में मौजूद नाले में पानी बढ़ गया, जिससे आसपास के लोगों के घरों में पानी घुस गया। हालांकि तेज बारिश और नाले में अचानक आए उफान के दौरान लोग अपने घरों से बाहर सड़कों पर निकल गए। वहीं दादर खुर्द के आसपास के गावों की सड़कें भी जलमग्न हो गई। रात भर लोग घर में घुसे पानी को निकालने में जुटे रहे। इसके अलावा इन क्षेत्रों में रात भर बिजली भी गुल रही, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था ठप है। मुड़ापार, पोड़ी बहार, काशी नगर के कई इलाकों में बिजली नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं।

Similar News