हाथियों का आतंक : 5 एकड़ से अधिक में फैले फसलों को रौंदा, सूरजपुर में घर पर हमले से मासूम की हुई मौत
सरगुजा जिले में विचरण कर रहे 35 हाथियों के दल ने 5 एकड़ से अधिक में फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग ने लोगों को हाथियों से दूर रहने की अपील की।
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 35 हाथियों का दल बीती रात से विचरण कर रहा है। इस दौरान हाथियों के दल ने 5 एकड़ से अधिक में फैले फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वहीं सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी सतर्क हो गई है। साथ ही लोगों को हाथियों के नजदीक न जाने की अपील कर रही है।
दरअसल, 35 हाथियों का यह दल ग्राम पंचायत मानपुर में घूम रहा है। बताया जा रहा है कि, 5 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में फैली फसलों को हाथियों ने रौंद दिया है। जिसमें गन्ना, आलू, सरसों सहित अन्य फसलें शामिल हैं। जिसके कारण भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि, वे हाथियों के नजदीक न जाएं। वन विभाग की टीम हाथियों के विचरण क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बनाए हुए है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।
इसे भी पढ़ें.....जमीन दिखाने के बहाने युवती से दुष्कर्म : शादी का झांसा देकर पैतृक जमीन को भी बिकवाया
जंगली हाथी ने घर पर किया हमला
वहीं सूरजपुर जिले के रमकोला थाना क्षेत्र के अरचोका गांव में हाथी ने घर की दिवार को ढहा दिया। जिसके कारण खाट में सो रही 7 माह की बच्ची की दबकर मौत हो गई। हादसे में बच्ची के साथ सो रही मां भी घायल हो गई है। वहीं पिता और भाई ने भागकर जान बचाई। देर रात जंगली हाथी ने घर पर हमला किया था।