भाजपा की सदस्यता परीक्षा : अंबिकापुर विधानसभा में एक लाख से ज्यादा सदस्य, कोंटा के मात्र 12 हजार

भाजपा के सदस्यता अभियान में विधानसभा वार तो लक्ष्य तय नहीं किया गया है, लेकिन हर बूथ में दो सौ सदस्य बनाने का लक्ष्य जरूर तय है, इसी के साथ जिलों का भी लक्ष्य तय है। 

Updated On 2024-11-19 12:36:00 IST
भाजपा कार्यालय रायपुर

रायपुर। भाजपा का सदस्यता अभियान अंतिम चरण पर है। अब तक 54 लाख से ज्यादा सदस्य बन गए हैं। प्रदेश की 90 विधानसभाओं में विधायक राजेश अग्रवाल और सदस्यता अभियान समिति के संयोजक अनुराग सिंहदेव की अंबिकापुर विधानसभा सबसे ज्यादा एक लाख से ज्यादा सदस्य बनाकर पहले स्थान पर है। राजधानी रायपुर की चार विधानसभाओं में विधायक राजेश मूणत की विधानसभा रायपुर पश्चिम टॉप टेन में शामिल है। दो मंत्रियों ओपी चौधरी और लखनलाल देवांगन की विधानसभाएं भी टॉप टेन में शामिल हैं। सबसे कम सदस्य बनाने के मामले में कोंटा विधानसभा अंतिम स्थान पर है। उसके खाते में 12436 सदस्य हैं। यहां पर भाजपा का विधायक नहीं है।

भाजपा के सदस्यता अभियान में विधानसभा वार तो लक्ष्य तय नहीं किया गया है, लेकिन हर बूथ में दो सौ सदस्य बनाने का लक्ष्य जरूर तय है, इसी के साथ जिलों का भी लक्ष्य तय है। विधायकों के साथ सांसदों का भी लक्ष्य तय किया गया है। सांसदों में तीन ही सांसद जहां 20 हजार सदस्य के लक्ष्य के पार गए हैं, वहीं विधायकों में 11 विधायक दस हजार के लक्ष्य तक नहीं पहुंचे हैं। इसको लेकर राष्ट्रीय संगठन खफा भी है। 22 नवंबर को दिल्ली में होने वाली बैठक में सबकी कुंडली रखी जाएगी।

इसे भी पढ़ें...स्कूलों के पास बिक रहे तंबाकू उत्पाद : हाईकोर्ट ने पूछा- बच्चे ड्रग एडिक्ट हो जाएंगे तो क्या होगा 

फिसड्डी विस के विधायक भी फिसड्डी

जो दस विधानसभाएं फिसड्डी साबित हुई हैं, उसमें जहां आधा दर्जन में भाजपा के विधायक नहीं हैं। वहीं जिन चार विधानसभाओं में भाजपा के विधायक हैं, वो भी सबसे कम सदस्य बनने वालों की सूची में हैं। इसमें दंतेवाड़ा के चैतराम अटामी के खाते में महज 832 सदस्य हैं, वहीं अंतागढ़ के विक्रम उसेंडी ने 1034, चित्रकोट के विनायक गोयल ने 4926 और लुंड्रा के विधायक प्रबोध मिंज ने 7488 सदस्य बनाए हैं।

टॉप टेन विधानसभाओं के चार विधायक भी टॉप पर

टॉप टेन विधानसभाओं में एक विधायक राजेश मूणत को छोड़कर जहां सभी ने दस हजार का लक्ष्य प्राप्त किया है, वहीं वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन विधायकों में सबसे ज्यादा सदस्य बनाने में पहले नंबर पर है। इसी के साथ पंडरिया की विधायक भावना बोहरा ने 20 हजार से ज्यादा कोरबा के विधायक और प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन देवांगन के खाते में 14 हजार से ज्यादा सदस्य हैं। कुरुद के विधायक अजय चंद्राकर ने भी 13 हजार से ज्यादा सदस्य बनाए हैं।

ये हैं टॉप टेन विधानसभाएं

अंबिकापुर     114118
बिलासपुर   88236
कुरुद     75261
वैशाली नगर   66475
बिल्हा 66358
पंडरिया     66229
कोरबा   65100
दुर्ग शहर 64862
रायगढ़   64588
रायपुर पश्चिम   61378

दस फिसड्डी विधानसभा

कोंटा       12436
मोहला मानपुर   14656
बीजापुर 15349
खुञ्जी   18219
दंतेवाड़ा 19005
पाली तानाखार     21677
चित्रकोट 22600
अंतागढ़   23403
लुंड्रा     24614
रामपुर    24873

Similar News