बलौदाबाजार कांड : अब एक्शन में प्रशासन, दो सौ लोग हुए गिरफ्तार, कई कांग्रेसी नेताओं के भी आए नाम

सोमवार को छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में तोड़फोड़ करने वालों की अब प्रशासन ने खबर लेनी शुरू कर दी है। इस पूरे प्रकरण में कई कांग्रेस नेताओं के भी नाम आ रहे हैं।

By :  Ck Shukla
Updated On 2024-06-11 16:35:00 IST
बलौदाबाजार कांड

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले विभिन्न संगठनों के लगभग 200 लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। कलेक्टर केएल चौहान ने हरिभूमि डाट काम को बताया कि, लगातार पूछताछ की जा रही है और गिरफ्तारियां भी हो रही हैं। नुकसान का आकलन पीडब्ल्यूडी विभाग कर रहा है। दस्तावेजों के लिए लिस्टिंग की जा रही है। आरोपियों की पहचान सीसी टीवी वीडियो फुटेज के माध्यम से किया जा रहा है। 

उल्लेखनीय है कि, सोमवार की दोपहर उग्र भीड़ ने शहर में जमकर उत्पात मचाया था। कलेक्ट्रेट कार्यालय को आग के हवाले करने के अलावा बड़ी संख्या में गाडियों को फूंक दिया गया। कलेक्टर केएल चौहान ने बताया कि, प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। 

मांगी थी सिर्फ सभा करने की इजाजत

प्रदर्शनकारियों ने कहा था कि, सिर्फ सभा करेंगे और सरकार को धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। हमारे पास जो इनपुट था उसके हिसाब से हमने फोर्स लगाया था। कलेक्टर ने बताया कि, जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें कांग्रेस के कुछ  पदाधिकारी भी शामिल हैं। शासकीय विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी और सामाजिक संगठनों से जुड़े सरकारी कर्मचारियों के नाम भी शामिल हैं। 

कई जिला पंचायत, जनपद पंचायत सदस्यों के भी नाम

कलेक्टर केएल चौहान ने यह भी कहा कि, पंचायत विभाग के जनप्रतिनिधियों के भी नाम सामने आ रहे हैं। इनमें जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और कई गांवों के सरपंचों की भी गिरफ्तारियां होनी बाकी है। पुलिस की टीम लगातार इनकी तलाशी कर रही है। उन्होंने  बताया कि, अधिकतर लोग गिरफ्तारी के डर से भूमिगत हो गए हैं। सारंगढ़ लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के पुत्र का नाम भी सामने आ रहा है।

Similar News