इंतहा हो गई...इंतजार की: अब तक आई न खबर मंत्रिमंडल विस्तार की, कैबिनेट में दो पद हैं खाली
छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार लगभग डेढ़ साल से अटका पड़ा है। कई बार तारीखें तय होने की बात आई, लेकिन अमल नहीं हो पाया।
रायपुर। प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार को बने डेढ़ साल हो गए हैं, लेकिन अब तक मंत्रिमंडल का विस्तार अटका हुआ है। पहले ही एक मंत्री का पद खाली रखा गया था। इसके बाद बीते साल बृजमोहन अग्रवाल के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद इस्तीफे से एक और मंत्री का पद खाली हो गया। इसके बाद यह बात सामने आई कि, छत्तीसगढ़ में भी हरियाणा का फार्मूला लागू करते होगा, 14 मंत्री रखे जाएंगे। ऐसे में तीन मंत्री बनाने की कवायद बीते छह माह से चल रही है। लगातार एक ही बात बार-बार कही जा रही है कि थोड़ा इंतजार करें, जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।
अब तो इंतहा हो गई है इंतजार की... छह माह बाद भी अब तक खबर नहीं आई है मंत्रिमंडल विस्तार की। मंत्रिमंडल के लिए अब तक न तो चेहरे ही तय हुए हैं और न ही राष्ट्रीय संगठन से हरी झंडी मिली है। कई बार मुख्यमंत्री दिल्ली का भी दौरा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री साय का लगातार एक ही बयान सामने आ रहा है कि थोड़ा इंतजार करें, मंत्रिमंडल का विस्तार समय पर होगा। यह सब कब आएगा, इसका इंतजार सब कर रहे हैं। प्रदेश में जब 2023 में भाजपा की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री के अलावा 11 मंत्रियों को मंत्रिमंडल में रखा गया। एक मंत्री का पद खाली रखा गया। इसके बाद बीते साल मई में जब लोकसभा का चुनाव हुआ तो प्रदेश के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को लोकसभा का चुनाव लड़वाया गया। उनके जीतने के बाद उनको विधायक और मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। ऐसे में मंत्रियों के दो पद खाली हो गए।
कई दिग्गज दावेदार
मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए थोक में कई दिग्गज दावेदार हैं। इसमें पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, राजेश मूणत के साथ ही धरमलाल कौशिक, गजेंद्र यादव, लता उसेंडी, विक्रम उसेंडी, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी के नाम अहम हैं। वैसे पहले भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव का भी नाम था, लेकिन उनको राष्ट्रीय संगठन ने वापस प्रदेशाध्यक्ष की कमान सौंप दी है। ऐसे में उनका नाम अब दावेदारों से अलग हो गया है।
क्या है हरियाणा फार्मूला
बीते साल जब मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा प्रारंभ हुई तो यह चात सामने आई कि, छत्तीसगढ़ में भी अब हरियाणा का फार्मूला लागू करते हुए मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 14 सदस्य रखे जाएंगे। इसको लेकर मुख्यमंत्री साय का बयान भी सामने आया कि हरियाणा का फार्मूला लागू करने की तैयारी है।
कई बार आई शपथ ग्रहण की खबर
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बीते करीब छह माह से लगातार कवायद चल रही है। कुछ अवसरों पर यह बात भी सामने आई कि, मंत्रिमंडल का विस्तार अमुक तारीख को किया जा रहा है और इसके लिए शपथ ग्रहण की तैयारी हो गई है। अप्रैल में निगम, मंडल, आयोग की पहली सूची के बाद कहा गया कि, नवरात्रि में ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए तीन नाम भी सामने आए जिसमें बिलासपुर से अमर अग्रवाल, दुर्ग से गजेंद्र यादव और रायपुर से पुरंदर मिश्रा को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की बात की गई। लेकिन यह सिर्फ चर्चा की साबित हुई। अब तक यह फाइनल नहीं हो सका है कि, तीन मंत्री आखिर कौन होंगे जिनको मंत्रिमंडल में स्थान मिलेगा। वैसे दावेदार कई हैं।