आपातकाल की 50वीं बरसी: भाजपा ने मनाया काला दिवस, कहा- कांग्रेस की काली करतूत से देश को परिचित होना चाहिए
भारतीय जनता पार्टी जगदलपुर ने आपातकाल की 50वीं बरसी को काला दिवस के रुप में मनाया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं ने आपातकाल को इतिहास का काला अध्याय बताया।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किरण देव
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के भाजपा जिला कार्यालय में आपातकाल काला दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव शामिल हुए। जहां किरण सिंह देव ने कहा कि, आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का कलंक है। जिसे कांग्रेस के अत्याचारी शासन में देश व देशवासियों ने भोगा है। आपातकाल के संबंध में आज हिन्दुस्तान के प्रत्येक युवा और नागरिकों को जानना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा- कांग्रेस की तात्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी ने 25 जून 1975 को अपनी सत्ता बचाने के लिये समूचे देश को आपातकाल की कैद में डाल दिया था। लगातार 19 महीने चले आपातकाल में नागरिकों को बोलने की स्वतंत्रता नहीं थी। समाचारपत्रों में निष्पक्ष लिखने की स्पष्ट मनाही थी, लाखों लोगों को रातों रात जेलों में बंद कर दिया गया था। जिसने भी सरकार के विरुद्ध आवाज उठायी, उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाता था। एक तानाशाही शासन कैसे होता है, यह कांग्रेस ने अपनी सरकार चलाने के लिये किया।
आपातकाल भयावह दौर था - पाण्डेय
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करने की दोषी कांग्रेस है। देश में आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने इसे स्वयं साबित किया था। देश में आपातकाल का वह भयावह दौर और कांग्रेस की ऐसी सच्चाई से समूचे देश को बारंबार अवगत होना चाहिये। महज सत्ता में बने रहने के स्वार्थ में कांग्रेस ने देश को आपातकाल की बेड़ियों से जकड़ दिया था। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री नरसिंह राव व आभार प्रदर्शन रजनीश पाणिग्रही ने किया।