बाल मित्र केंद्र में मनाया गया वार्षिकोत्सव: छात्र-छात्राओं ने दी मोहक प्रस्तुति, जनप्रतिनिधियों ने सराहा

दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत चितालंका में बाल मित्र पुस्तकालय और गतिविधि केंद्र का वार्षिकोत्सव मनाया गया।

Updated On 2025-08-23 20:35:00 IST

नृत्य प्रस्तुति देती हुई छात्राएं 

यामिनी पांडे- दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत चितालंका में बाल मित्र पुस्तकालय और गतिविधि केंद्र का वार्षिक उत्सव मनाया गया। इस कार्यक्रम में चितालंका पंचायत के सभी स्कूल के बच्चे, बाल मित्र, शिक्षक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। फिर छात्राओं ने पुष्पगुच्छों और बैच से मुख्य अतिथि जिला संगठन मंत्री लता मरकाम, जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने मोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। फिर बाल मित्र रीना भवानी ने सभी अतिथियों और बच्चों के साथ मिलकर एक गतिविधि करवाई। इस गतिविधि में सभी ने बड़े ही उत्साह के साथ भाग लिया। 


पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में संतुलन जरूरी
सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि, बाल मित्र आप सभी बच्चों की सहायता के लिए हैं। ये सभी आपको मंच पर खुलकर बोलना और अन्य गतिविधियां सिखाते हैं। पुस्तकालय में आप सभी अपनी पसंद की किताबें पढ़ सकते हैं। लेकिन ध्यान रहे हमें पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में संतुलन बनाना है। 


शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका
बाल मित्र अपने अनुभव से बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ये स्कूलों में जाकर पुस्तकालय का काम संभालते हैं। साथ ही स्कूल के बाद छात्र-छात्राओं को कई गतिविधियां करवाते हैं। इससे छात्र-छात्राएं विद्यालय आने और पढ़ने के साथ-साथ अन्य गतिविधियां जैसे नृत्य, गीत, कविता, कहानी की प्रस्तुति सीखते हैं।

Tags:    

Similar News