भाजपा में नए चेहरों को मिलेगा मौका: अब संभाग-जिलों के प्रभारी और प्रकोष्ठों में भी बदलेंगे चेहरे
प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी के ऐलान के साथ सात मोर्चा के अध्यक्ष भी नियुक्त हो गए हैं।
File Photo
रायपुर। प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी के ऐलान के साथ सात मोर्चा के अध्यक्ष भी नियुक्त हो गए हैं। अब आने वाले समय में प्रदेश भाजपा संगठन की बैठक में संभाग और जिलों के प्रभारियों के साथ ही प्रकोष्ठों के संयोजक और सहसंयोजकों पर फैसला होगा। ज्यादातर पदों पर नए चेहरे ही नजर आएंगे। पांच संभागों में से तीन संभागों के प्रभारियों को वैसे भी दूसरे पद मिल गए हैं। इसी के साथ प्रदेश कार्यकारिणी नई बनने के बाद सभी जिलों के प्रभारी भी नए बनेंगे। जिलाध्यक्ष पहले ही नए बन चुके हैं।
भाजपा के प्रदेश संगठन में सात अहम मोर्चा हैं। इनके अध्यक्षों का ऐलान हमेशा ही प्रदेश कार्यकारिणी के साथ होता है। ऐसे में जब 13 अगस्त को किरण देव की नई टीम का ऐलान किया गया तो सात मोर्चा के अध्यक्ष भी बनाए गए। इन सब में नए चेहरों को मौका दिया गया है। वैसे भी सभी मोर्चा के अध्यक्षों का कार्यकाल पूरा होने के बाद इनका बदला जाना तय था।
सभी प्रकोष्ठ के बदलेंगे संयोजक और सहसंयोजक
भाजपा के प्रदेश संगठन में करीब डेढ़ दर्जन प्रकोष्ठ हैं। अब इसके भी संयोजक और सहसंयोजक बदले जाएंगे। इनके संयोजक और सहसंयोजकों का कार्यकाल भी पूरा हो गया है। इनमें नियुक्ति के लिए प्रदेश संगठन की बैठक में चर्चा के बाद इनके संयोजकों और सहसंयोजकों के नामों का ऐलान होगा।
प्रभारी भी बदलेंगे
प्रदेश के पांच संभागों के इस समय जो प्रभारी हैं, उसमें दुर्ग के प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी को क्रेडा का अध्यक्ष बना दिया गया है। इस तरह से बिलासपुर संभाग के प्रभारी अनुराग सिंहदेव छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष बन गए हैं। सरगुजा संभाग के प्रभारी राजा पांडेय को छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम का अध्यक्ष बनाया गया है। अभी रायपुर संभाग के प्रभारी सौरभ सिंह और बस्तर संभाग के प्रभारी रजनीश सिंह को कोई पद नहीं मिला है। अब प्रदेश संगठन तय करेगा कि सभी संभागों के प्रभारी बदले जाएंगे या फिर दो संभाग के प्रभारियों के संभाग बदलकर उनको वापस जिम्मा दिया जाएगा। इसी तरह से जिलों के प्रभारियों में भी फेरबदल के साथ नए चेहरों को भी मौका दिए जाने की संभावना है। कुछ जिलों के प्रभारियों को भी दूसरे पद मिल गए हैं। ऐसे में इनका बदला जाना तय है।