संगठन ने ली सत्ता की क्लास: कहा गया - काम काज सुधारें मंत्री, विधायकों को हवा में ना उड़ने की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के कामकाज की संगठन के बड़े नेताओं ने समीक्षा की। इस दौरान मंत्रियों और विधायकों को अनर्गल बयानबाजी से बचने और काम दिखाने की ताकीद की गई।
भाजपा अगले दो दिन में 9 राज्यों में बदलेगी प्रदेश अध्यक्ष, जल्द होगा राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन ने बुधवार को साय मंत्रिमंडल के मंत्रियों के कामकाज यानी परफार्मेंस को परखा। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने उनकी क्लास ली। विधायकों से भी पूछा। बताया जा रहा है कि कुछ मंत्रियों को इन नेताओं ने कामकाज में सुधार की हिदायत दी। यहां तक कहा कि कुछ के खिलाफ शिकायतें आती रही हैं, इसे संगठन ने गंभीरता से लिया है। इधर, विधायक दल की बैठक में भी वरिष्ठ नेताओं ने सख्ती दिखाई। विधायकों को कहा गया- हवा में न उड़ें, जमीन पर काम दिखना चाहिए।
बताया जा रहा है कि संगठन नेताओं ने मंत्रियों से दो चरण में बंद कमरे में चर्चा की। पहले चरण में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मंत्रियों से चर्चा की। दूसरे चरण में में शिवप्रकाश और नितिन नबीन ने उनसे बातचीत की, फीडबैक लिया। संगठन के वरिष्ठ नेता ने उन मंत्रियों को फटकार लगाई जो संगठन के निर्देशों की अवहेलना कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि मंत्रियों के कामकाज से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। कई मंत्रियों के कामकाज के तौर तरीकों पर संगठन ने नाराजगी जताई है। मंत्रियों को अपनी कार्यशैली और व्यवहार सुधार करने कहा गया। मंत्रियों को प्रशासनिक अधिकारियों पर नियंत्रण रखने के टिप्स दिए गए। गौरतलब है कि बैठक में बीजेपी के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय महामंत्री अजय जामवाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव समेत सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक मौजूद रहे।
विधायक काम पर दें ध्यान
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने भाजपा विधायकों से कहा, हवा में न उड़ें, काम पर ध्यान दें। अपना काम समझ कर सिद्धत के साथ पार्टी के लिए काम करें। मीडिया में अनर्गल बयानबाजी से बचें, संतुलित बोलें। विधायकों से कहा गया कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय बनाकर काम करें। पार्टी से संबंधित मामलों को सार्वजनिक रूप से न कहें। यह ध्यान रखा जाए की सरकार के काम काज को लेकर अपनी तरफ से कोई टिप्पणी न हो।
सीएम और मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा
सीएम विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ भी वन टू वन चर्चा में मंत्रियों के कार्यों की समीक्षा की गई। कुछ मंत्रियों को सख्त लहजे में परफार्मेंस सुधारने की हिदायत दी गई। बताया गया है कि मंत्रियों से कहा गया कि उनके विभागों में चल रही गतिविधियों को लेकर जनता के बीच सही संदेश जाए, ऐसा काम करें। सरकार के डेढ़ साल के कामकाज के आधार पर मंत्रियों को अपने विभागों का कामकाज में गति लाने और जनता से संबंधित योजनाओं पर ध्यान केंद्रीत करने के निर्देश दिए गए।
बयानबाजी से बचें विधायक
भाजपा विधायकों की बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने कहा, विधायक अपने बयानों पर लगाम लगाएं। विषय की जानकारी नहीं होने पर बयानबाजी से बचें। विधायकों से कहा गया, जनता के बीच जाकर काम करें, सरकार की योजनाओं को ठीक ढंग से लोगों के समक्ष रखें।