भाजपा पिछड़ा वर्ग का संभाग स्तरीय सम्मेलन: आरक्षण, शिक्षा समेत कई विषयों पर हुई चर्चा, डिप्टी सीएम साव समेत मंत्री, विधायक हुए शामिल
सरायपाली में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का संभाग स्तरीय सम्मेलन संपन्न हुआ। इस दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव समेत भाजपा के कई वरिष्ठ मंत्री, विधायक और सांसद शामिल हुए।
भाजपा पिछड़ा वर्ग का संभाग स्तरीय सम्मेलन
सरायपाली। भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा का संभाग स्तरीय सम्मेलन सरायपाली में संपन्न हुआ। इस दौरान सम्मेलन में आरक्षण, शिक्षा, स्वरोजगार, सामाजिक न्याय और राजनीतिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही पार्टी की योजनाओं को ग्राम स्तर तक पहुँचाने के लिए विशेष कार्ययोजना की घोषणा की गई। साथ ही युवाओं को राजनीति में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने में कहा कि, भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं, समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाना है। उन्होंने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण तथा कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए पूरी ऊर्जा से जुटने का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने कहा- देश की राजनीति में पिछड़ा वर्ग निर्णायक भूमिका निभा रहा है और यह भाजपा की समावेशी सोच का परिणाम है।
सरकार की योजनायें लोगों तक पहुंच रही - रूपकुमारी चौधरी
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि, महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के हर कोने में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं पहुँची हैं, जिससे पिछड़ा वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।
भाजपा धरातल पर काम करने वाली पार्टी - ओपी चौधरी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, भाजपा सिर्फ नारों की नहीं, धरातल पर काम करने वाली पार्टी है। पिछड़ा वर्ग के लिए छात्रवृत्ति, स्वरोजगार योजनाएं, आरक्षण, कौशल विकास प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि आगामी बजट में पिछड़ा वर्ग के लिए और भी सशक्त योजनाएं लाई जाएंगी।
भाजपा सामाजिक समरसता की दिशा में प्रतिबद्ध
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पिछड़ा वर्ग समाज के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। हाल ही में लागू की गई योजनाओं का सीधा लाभ समाज के युवाओं, किसानों और व्यापारियों को मिला है। भाजपा सरकार सामाजिक समरसता और आर्थिक मजबूती की दिशा में प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग को उनके हक़ से किया वंचित - अरुण साव
उप मुख्यमंत्री साव ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा- कांग्रेस ने 57 वर्षों तक देश पर राज किया, लेकिन पिछड़ा वर्ग की जनगणना कराने की कभी पहल नहीं की। कांग्रेस नेताओं ने जानबूझकर ओबीसी वर्ग को हाशिये पर रखा और उनके हक से वंचित किया। राहुल गांधी के परनाना, नानी, पिता और यूपीए की अध्यक्ष रही उनकी मां ने भी इस वर्ग के उत्थान के लिए कुछ नहीं किया। आज जब कांग्रेस की राजनीतिक जमीन खिसक रही है, तो पिछड़ा वर्ग याद रही है और वे माफी मांग रहे हैं, लेकिन देश की जनता कांग्रेस की ऐतिहासिक गलती को भुलाने वाली नहीं है।
कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग को ठगा - अरुण साव
अरुण साव ने कहा- छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की पूर्ववर्ती सरकार ने पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने का नाटक किया और फिर अपने ही व्यक्ति को कोर्ट भेजकर उस पर रोक लगवा दी। ये पूरी प्रक्रिया सिर्फ दिखावा थी, जिससे प्रदेश के ओबीसी समाज को ठगा गया। उन्होंने इसे कांग्रेस की दोहरी नीति और ओबीसी विरोधी मानसिकता का प्रमाण बताया। साव ने मोदी सरकार के एक देश, एक चुनाव पर भी विचार साझा किया। लोगों ने एक स्वर में देश में एक साथ चुनाव कराने की बात कही। वहीं एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान के तहत पौधारोपण करने संकल्पित किया।