बिलासपुर में ED का पुतला दहन: कांग्रेस बोली- यह कार्रवाई राजनैतिक दुर्भावना से प्रेरित
ED ने सुकमा कांग्रेस पार्टी के कार्यालय को भी अटैच किया है। शनिवार को बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ED का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि, यह कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।
ED का पुतला दहन करते कांग्रेसी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले मामले में ED ने सुकमा कांग्रेस पार्टी के कार्यालय को भी अटैच किया है। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में ED और भाजपा का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन कर रही है। शनिवार को बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ED का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि, यह कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।
ED ने सुकमा कांग्रेस पार्टी के कार्यालय को किया अटैच
उल्लेखनीय है कि, शराब घोटाला मामले में ED ने सुकमा जिला मुख्यालय में बने कांग्रेस भवन को अटैच कर दिया है। जांच के दौरान एजेंसियों को यह पता चला था कि, सुकमा में कांग्रेस भवन का निर्माण शराब घोटाले के पैसे से हुआ था। इसके साथ ही तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा के बेटे हरीश कवासी का सुकमा में बना मकान भी अटैच कर लिया गया है। इसके साथ ही रायपुर में कवासी लखमा का मकान भी ईडी ने अटैच किया है। हरिभूमि डाट काम ने पहले ही यह संभावनाप जताई थी कि, सुकमा के कांग्रेस भवन पर ताला लग सकता है। बताया जा रहा है कि, देश में किसी राजनीतिक दल का यह पहला कार्यालय होगा, जिसे ईडी ने अटैच किया है।
ED की कार्रवाई के पीछे राजनीतिक षड्यंत्र- कांग्रेस
ED की कार्रवाई को कांग्रेस ने राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए कहा कि, कांग्रेस भवन निर्माण के आय के स्त्रोत का हिसाब दिया गया है। इसके बाद भी साजिश के तहत कार्यालय अटैच किया गया। कांग्रेस पार्टी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा- मोदी सरकार के निर्देश पर आज कांग्रेस के जिला कार्यालय सुकमा को ईडी ने अटैच किया है। यह भारतीय जनता पार्टी के राजनैतिक षड्यंत्र का एक हिस्सा है। कांग्रेस पार्टी ने तो अपने जिला पार्टी भवन को बनाने के स्त्रोत के एक- एक पाई का हिसाब दे देगी। उन्होंने आगे कहा- कांग्रेस आज से नहीं बल्कि आजादी के पहले से कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्यालय बनाती रही है। इसका उदाहरण रायपुर कार्यालय है।