ससुराल के बंद दरवाजे के सामने धरने पर बहुएं: अफसर ससुर और पति से न्याय की आस में त्यागा अन्न-जल, दी चेतावनी

बालोद जिले में दो बहुएं अपने ससुराल में रहने की मांग को लेकर चार दिनों से घर के बाहर धरने पर बैठी हैं। ससुराल वालों पर ताला लगाकर भागने का आरोप लगाया है।

Updated On 2025-06-21 13:17:00 IST

ससुराल के बाहर बैठी हुईं बहुएं

राहुल भूतड़ा - बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से दो बहुएं अपने ससुराल में रहने की गुहार लगाते हुए बीते चार दिनों से धरने पर बैठी हैं। ग्राम झलमला में स्थित अपने ससुराल के घर के बाहर बैठी रेनू गुप्ता और वंदना गुप्ता अब न्याय की आस में अनशन पर उतर आई हैं। दोनों महिलाओं ने 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए शुक्रवार शाम 4 बजे से जल तक त्याग दिया है।

ताला लगाकर सास-ससुर ने किया घर से बाहर
रेनू गुप्ता, जिनके पति राहुल गुप्ता वर्तमान में दंतेवाड़ा जिले में तहसीलदार पद पर पदस्थ हैं। वंदना गुप्ता, जिनके पति रोहित गुप्ता मेडिकल व्यवसायी थे। ये दोनों अपने ससुराल के घर के बाहर बीते चार दिनों से खुले आसमान के नीचे डटी हुई हैं। इनका आरोप है कि, उनके सास-ससुर ने घर में ताला लगाकर उन्हें बाहर कर दिया और खुद कहीं चले गए हैं।

दोनों बहुओं का ये है कहना
वंदना गुप्ता का कहना है कि, उनके पति को उनके ससुराल पक्ष के लोगों ने छतरपुर में छुपाकर रखा है और उनसे मिलने तक नहीं दिया जा रहा। वहीं, रेनू गुप्ता भी यही मांग कर रही हैं कि, उनके पति आएं और पारिवारिक विवाद को सुलझाकर उन्हें फिर से गृहस्थ जीवन में स्थान दिया जाए।

जब तक नहीं मिलेगा न्याय, नहीं हटेंगी पीछे
धरने की खबर लगते ही प्रशासन भी हरकत में आया। मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी समेत पुलिस बल पहुंचा और दोनों महिलाओं को समझाने की कोशिश की गई। लेकिन दोनों महिलाएं अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं। उनका साफ कहना है कि, अब न्याय मिलने तक वे पीछे नहीं हटेंगी।

दोनों बहुओं ने दी प्राण त्यागने की चेतावनी
गौरतलब है कि, दोनों बहुओं के ससुर एससी गुप्ता मत्स्य विभाग में सहायक संचालक के पद पर बालोद में पदस्थ हैं। लेकिन वर्तमान में वे और उनकी पत्नी किसी अज्ञात स्थान पर चले गए हैं और संपर्क से बाहर हैं। पूरे मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि अब मामला गंभीर रूप लेता जा रहा है। अगर 48 घंटे में समाधान नहीं हुआ, तो दोनों बहुओं ने प्राण त्यागने की चेतावनी दी है। जिससे प्रशासनिक में हलचल तेज हो गई है। मामला अब सामाजिक और संवेदनशील दोनों रूपों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Tags:    

Similar News