पसान बस्ती में घुसा हाथी: घरों को फोड़ा, वाहनों को तोड़ा और लोगों को दौड़ाया
कोरबा जिले में एक दंतैल हाथी ने रिहायशी बस्ती में जमकर उत्पात मचाया इस दौरान हाथी के सामने जो चीज आई उसे वह नुकसान पहुंचाते चला गया।
दंतैल हाथी को भगाते हुए वन विभाग की टीम
उमेश यादव- कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम पंचायत पसान में अचानक एक दंतैल हाथी घुस आया। इस दौरान हाथी ने दुकान, मकान समेत वाहनों को नुकसान पहुंचाया है वहीं हाथी के पीछे जाने पर ग्रामीणों को जमकर दौड़ाया। इस दौरान लोगों की जान बाल- बाल बची। हाथी की धमक से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना कोरबा जिले की ग्राम पंचायत पसान बस्ती की बताई जा रही है। जहां पर हाथी ने करीब तीन घंटे तक जमकर उत्पात मचाया है। इस दौरान हाथी ने घरों से लेकर वाहनों को तक नहीं छोड़ा और जमकर नुकसान पहुँचाया। हाथी के आतंक को देखकर डरे सहमे लोग अपनी घरों के छतों पर चढ़ गए।
जंगल की ओर खदेड़ा गया हाथी
कई लोग हाथी के साथ वीडियो बनाने और सेल्फी लेने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डालते हुए नजर आए। इस दौरान कई लोग बाल- बाल बचे नहीं तो बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी। पसान के डिप्टी रेंजर ईश्वर दास मानिकपुरी ने बताया कि, शनिवार की बीती रात पसान क्षेत्र में विचरण कर रहा दंतैल जो पसान बस्ती प्रवेश कर रहा था। जिसे अब जंगल की ओर खदेड़ दिया गया है।