सुकमा में बड़ा नक्सली सरेंडर: 76 लाख रुपये के इनामी 21 नक्सलियों ने डाले हथियार
सुकमा में 76 लाख के इनामी 21 नक्सलियों ने बस्तर आईजी पी. सुंदरराज और एसपी किरण चव्हाण के समक्ष सरेंडर किया है। ये सभी नक्सली कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहे हैं।
हथियार के साथ सरेंडर करते हुए महिला नक्सली
लीलाधर राठी- सुकमा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास से पहले सुकमा में नक्सलियों ने बड़ा सरेंडर किया है। शनिवार को 76 लाख के इनामी 21 नक्सलियों ने बस्तर आईजी पी. सुंदरराज और एसपी किरण चव्हाण के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। नक्सलियों ने अपने साथ SLR, AK 47, BGL LAUNCHER, सहित अन्य ऑटोमेटिक हथियार को भी आत्मसमर्पण किया। ये सभी नक्सली कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहे हैं।
गुरुवार को 12 नक्सलियों ने AK-47, SLR रायफल एवं कारतूस के साथ सरेंडर किया है। इन सभी पर 54 लाख रुपये का ईनाम घोषित था। बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने संविधान की किताब देकर मुख्यधारा में उनका स्वागत किया। आत्मसमर्पण करने वालों में 08 महिला नक्सली और 04 पुरुष नक्सली शामिल हैं।
इन सभी नक्सलियों पर कुल 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था। समर्पण करने वाले 12 नक्सलियों में डीव्हीसीएम -01, सदस्य बटालियन नम्बर 01,कंपनी नम्बर 02 - 02, पीपीसीएम-01, एसीएम -02, पार्टी सदस्य- 02, पीएलजीए सदस्य-04 शामिल हैं। आत्मसमर्पण के दौरान माओवादियों ने अपने साथ एक AK-47 और दो SLR राइफल भी पुलिस को सौंपे।
बस्तर आईजी ने दी मामले की जानकारी
इस पूरे मामले को लेकर बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने कहा कि, सरकार की योजनाएं और पुनर्वास नीति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रही है। लगातार माओवादी मुख्यधारा में लौट रहे हैं। 01 जनवरी 2024 से अब तक 888 माओवादी मुख्यधारा में लौट चुके हैं। 1163 माओवादी गिरफ्तार किए गए हैं और 231 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं।