चाइनीज मांझे पर सख्ती: दुकानों से जब्ती, जुर्माना भी लगाया
रायपुर नगर निगम ने चाइनीज मांझे से हो रहे हादसों के बीच कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के साथ मिलकर पतंग दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
File Photo
रायपुर। रायपुर नगर निगम ने चाइनीज मांझे से हो रहे हादसों के बीच कार्रवाई की है। नगर निगम जोन 1 और जोन 5 की टीम ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के साथ मिलकर पतंग दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिबंधित चाइनीज मांझा मिलने पर उसे तुरंत जब्त किया गया। निगम की टीम ने संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया।
दरअसल, राजधानी के लाखेनगर इलाके में रविवार की शाम प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला पैदल मंदिर जा रही थी, तभी उड़ता हुआ मांझा उनके चेहरे में फंस गया। मांझा हटाने की कोशिश में होंठ और अंगूठे में गहरे कट लग गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद कर मांझा हटाया और महिला को अस्पताल पहुंचाया।
दुकानदारों को दी चेतावनी
इस घटना के बाद हरकत में आए निगम प्रशासन और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम ने सोमवार को शहर के गुढ़ियारी इलाके स्थित प्रयास हॉस्टल के पास स्थित 2 पतंग दुकानों की जांच की। वार्ड पार्षद सोहन साहू और जोन 1 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमराज देवांगन की मौजूदगी में जांच हुई। इस दौरान प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया। इसके साथ ही संबंधित दोनों दुकानदारों पर 5,5 हजार रुपए जुर्माना लगाते हुए दोबारा ऐसी गलती न करने की चेतावनी दी गई।
आमापारा में सड़क किनारे लगी दुकानें हटाईं, पतंग दुकानों की जांच
नगर निगम जोन 5 क्षेत्र में घासीदास प्लाजा, आमापारा मार्ग में सड़क किनारे लगी पतंग दुकानों की सोमवार को जांच की गई। यहां पर प्रतिबंधित मांझा मिलने पर जब्ती की गई। पतंग की दुकानों को सड़क से हटाया गया। इसके साथ ही व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए गए। निगम के अधिकारियों ने शहर के सभी पतंग दुकान संचालकों को स्पष्ट रूप से कहा है कि कहीं भी चाइनीज मांझा मिला, तो नियम अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।