लखौली नहर टूटी: लोगों के घरों और खेतों में घुसा पानी, जनजीवन अस्त- व्यस्त

आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुकरा (लखौली) में रविवार की सुबह लाखौली मुख्य नहर के टूटने की वजह से गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।

Updated On 2025-09-07 19:42:00 IST

टूटी हुई लखौली नहर 

डागेश यादव- आरंग। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुकरा (लखौली) में रविवार की सुबह लाखौली मुख्य नहर के टूटने की वजह से गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। नहर में भरे पानी का तेज दबाव न झेल पाने के कारण नहर फट गई, जिससे पानी गांव और आसपास के खेतों में भर गया। इससे फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, साथ ही गांव का जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।

स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी तुरंत प्रशासन को दी। उन्होंने कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह, जिला सीईओ विश्वरंजन, एसडीएम आरंग अभिलाषा पैकरा और एसडीओ प्रमोद पाल को फोन के माध्यम से सूचित किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि, नहर का पानी खेतों में तेजी से फैल रहा है, जिससे धान और अन्य फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। गांव में पानी घुसने से कई घरों और रास्तों पर भी जलभराव की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों में प्रशासन की समय पर कार्रवाई न होने को लेकर चिंता और आक्रोश बढ़ रहा है। 

प्रशासन ने दिया जरुरी कार्रवाई का भरोसा
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थिति को जल्द से जल्द नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। सिंचाई विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है, और नहर की मरम्मत का काम शुरू करने की तैयारी चल रही है। 

सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्थिति नियंत्रित करने के दिए निर्देश
आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा ने बताया कि गंगाधर खार के पास ग्राम कुकरा के प्रथम गेट पर नहर टूटने की सूचना मिली है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags:    

Similar News