नायब तहसीलदार पर धान तस्करी कराने का आरोप: कवर्धा जिले में एमपी बॉर्डर पर ग्रामीणों ने पकड़ा, देर रात बनाया वीडियो, जांच के आदेश
कवर्धा जिले में ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार को अवैध धान तस्करी कराते हुए मौके पर पकड़ा। घटना में कलेक्टर ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
अवैध धान तस्करी कराते पकड़े गए नायब तहसीलदार प्रेमनारायण साहू
संजय यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़- मध्यप्रदेश बॉर्डर से अवैध धान तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां के रेंगाखर जंगल में ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार प्रेमनारायण साहू को अवैध धान तस्करी कराते हुए मौके पर पकड़ा है। बताया जा रहा है कि, साहू के संरक्षण में कई क्विंटल अवैध धान MP से लगातार कवर्धा जिले में पहुंच रहा था।
ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। मामले में ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि, अवैध धान तस्करी में अधिकारी और कर्मचारी की मिलीभगत है। जिसके कारण ही तस्करों की हौंसले बुलंद हैं। प्रशासन अवैध धान रोकने में नाकाम है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कवर्धा जिले के कलेक्टर ने मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं।
भाटापारा में अवैध धान किया गया था जब्त
वहीं बीते दिनों भाटापारा में धान खरीदी केंद्रों में अवैध धान खपाने की कोशिशों को रोकने के लिए कोचियों और बिचौलियों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर भाटापारा टीम ने तीन स्थानों पर संयुक्त छापेमारी करते हुए लगभग 24 लाख 74 हजार 183 रुपये मूल्य का 1044.40 क्विंटल धान जब्त किया था।
धान का अवैध भंडारण किया था
राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सुरजपुरा के ‘भव्य ट्रेडर्स’ से 28 क्विंटल, खैरा (निपनिया) के माखन गिरी गोस्वामी के गोदाम से 16.40 क्विंटल और भाटापारा के रिद्धि- सिद्धि वेयरहाउस से 1000 क्विंटल धान जब्त किया। बताया गया कि, इन तीनों व्यापारियों ने उपार्जन केंद्रों में खपाने के उद्देश्य से धान का अवैध भंडारण किया था।