राज्योत्सव की धूम: 'जय छत्तीसगढ़' की गूंज, अनुज शर्मा के गीतों पर झूम उठा मुंगेली
मुंगेली में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में पद्मश्री और विधायक अनुज शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में पद्मश्री अनुज शर्मा का स्वागत सम्मान
धरसीवां। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव समारोह में शनिवार की शाम मुंगेली शहर रंगों और सुरों से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम में प्रदेश के सुपरस्टार और विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने अपनी टीम के साथ शानदार प्रस्तुति दी।
अनुज शर्मा के गीतों ने ऐसा समा बांधा कि दर्शक थिरकते, गुनगुनाते और झूमते नजर आए। उनकी प्रस्तुति ने पूरे मंच को संगीत, संस्कृति और उत्सव के रंगों में रंग दिया।
'जय छत्तीसगढ़' गीत ने जीता दर्शकों का दिल
अनुज शर्मा ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ महतारी को समर्पित अपना नया गीत 'जय छत्तीसगढ़' प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। गीत की भावनात्मक धुन और ऊर्जा से पूरा पंडाल छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया के जोश से गूंज उठा।
'छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों की गौरव यात्रा का उत्सव'- विधायक अनुज शर्मा
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा ने छत्तीसगढ़ वासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि- छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से राज्य ने अपने 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा में निरंतर उन्नति की है। हमारी लोक-कलाओं, जनजातीय परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत ने प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाई है, आज ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ की भावना हर क्षेत्र में साकार हो रही है। साथ ही उन्होंने मुंगेली जिला प्रशासन को राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
प्रदर्शनियों से झलकी जनकल्याण योजनाओं की तस्वीर
राज्योत्सव के दौरान जिला प्रशासन द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए थे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे आयोजन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और विकास की झलक देखने को मिली।