सिरपुर महोत्सव 2026: कथक नृत्यांगना आशना दिल्लीवार ने दी मनमोहक प्रस्तुति, दर्शकों को किया भाव-विभोर
सिरपुर महोत्सव 2026 में कथक नृत्यांगना आशना दिल्लीवार ने शिव स्तुति एवं गंगा अवतरण की कथा की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।
कथक नृत्यांगना आशना दिल्लीवार
राहुल भोई- महासमुंद। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर सिरपुर कला और संस्कृति के रंगों से सराबोर हो उठा। जब सिरपुर महोत्सव 2026 के मंच पर कथक नृत्य की सधी हुई मुद्राओं और भावों के माध्यम से गंगा अवतरण की पौराणिक कथा जीवंत हो उठी। इस अद्भुत प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव में हमारे शहर की सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना आशना दिल्लीवार ने शिव स्तुति एवं गंगा अवतरण की कथा को कथक नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों से खूब तालियाँ बटोरीं। उनकी भाव-भंगिमाएं, तालबद्ध पग संचालन और भावपूर्ण अभिनय ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
आशना दिल्लीवार ने खैरागढ़ से कथक नृत्य में विधिवत प्राप्त की शिक्षा
आशना दिल्लीवार ने इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से कथक नृत्य में विधिवत शिक्षा प्राप्त की है। उल्लेखनीय है कि, इससे पूर्व भी वे अनेक शासकीय कार्यक्रमों और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर कला प्रेमियों का दिल जीत चुकी हैं। गौरतलब है कि, प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा दिनांक 1 से 3 फरवरी तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन किया गया।
धरसीवां में मड़ई मेला महोत्सव
वहीं 31 जनवरी को धरसीवां विधानसभा के लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा क्षेत्र के नगरगांव, पाड़ाभाठ और टेकारी में आयोजित मड़ई मेलों में शामिल हुए। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जोरदार स्वागत किया। विधायक अनुज शर्मा ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की और संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
विधायक ने लिया उत्सव का आनंद
मड़ई मेले में पहुंचते ही ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला-समूहों और युवा समितियों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक ने पारंपरिक विधि-विधान से देवी-देवताओं की पूजा की और ग्रामीण संस्कृति के साथ मेल-जोल का आनंद लिया।
नगरगांव में सीसी रोड निर्माण की घोषणा
मेले के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने नगरगांव के श्मशानघाट में सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।
'मड़ई मेला हमारी संस्कृति का जीवंत प्रतीक'- विधायक
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि, मड़ई मेला छत्तीसगढ़ी संस्कृति, लोककला और परंपराओं का उत्सव है। और उन्होंने बताया कि, मड़ई सिर्फ मनोरंजन नहीं, भाईचारे और मेल-मिलाप का महत्वपूर्ण माध्यम है। आधुनिकता के बीच अपनी जड़ों से जुड़े रहना ही हमारी शक्ति है। ग्रामीण अंचलों ने हमारी संस्कृति को सहेजकर रखा है। नई पीढ़ी को अपनी कला, लोकगीत और विरासत पर गर्व करना चाहिए। विधायक अनुज शर्मा ने यह भी कहा कि, सरकार लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।