महादेव घाट कॉरिडोर बनेगा: उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर होगा निर्माण, 20 करोड़ होंगे खर्च

राजधानी के प्राचीन महादेवघाट का स्वरूप जल्द बदलने वाला है। उज्जैन के महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर रायपुर में भी अब भव्य महादेव कारिडोर का निर्माण कार्य शुरू होगा।

Updated On 2025-12-12 12:45:00 IST

उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर बनेगा महादेव घाट कॉरिडोर

रायपुर। राजधानी के प्राचीन महादेवघाट का स्वरूप जल्द बदलने वाला है। उज्जैन के महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर रायपुर में भी अब भव्य महादेव कारिडोर का निर्माण कार्य शुरू होगा। शहर की रामराजा एजेंसी को इस कार्य का जिम्मा मिला है। नगर उत्थान योजना में 20 करोड़ खर्च कर नगर निगम महादेवघाट को भव्य स्वरूप दिलाएगा। महादेवघाट के पुनर्विकास योजना में खारुन नदी तट पर स्थित इस ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल को ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल को प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक आकर्षण का केंद्र बनाने की तैयारी है। यही नहीं, महादेवघाट का पूरा क्षेत्र सोलर लाइट से जगमग होगा। इसके लिए सौर ऊर्जा से संचालित लाइट पोल, एलईडी बोलार्ड और डेकोरेटिव लाइट्स लगाई जाएंगी। इससे महादेवघाट क्षेत्र दिन और रात दोनों समय सुरक्षित और सुंदर बना रहे।

दरअसल, खारुन नदी के किनारे स्थित महादेवघाट के पुनर्विकास की योजना में तीन विभाग एक साथ मिलकर अलग-अलग फेज में काम करेंगे। इसमें नगर निगम, लोक कर्म विभाग और जलसंसाधन विभाग शामिल है। योजना के मुताबिक विसर्जन कुंड से टाटीबंध तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा। जलसंसाधन विभाग घाट को सुरक्षित और विकसित करने कार्य करेगा। वहीं नगर निगम प्रथम फेज में 20 करोड़ की कार्ययोजना बनाकर यहां उज्जैन के महाकाल कारिडोर की तर्ज पर भव्य कारिडोर का निर्माण कराएगा। इसके लिए नगर उत्थान योजना में राज्य शासन ने नगर निगम को 20 करोड़ की स्वीकृति दी है। महादेवघाट प्रवेश के दोनों रास्तों पर भव्य स्वागत द्वार बनाया जाएगा। इसके अलावा धार्मिक आयोजन के लिए यज्ञशाला, शेड युक्त गलियारा और लोगों के चलने फिरने के लिए पाथवे निर्माण होगा। रंगरोगन कर मंदिरों को नया स्वरूप दिया जाएगा।

एजेंसी तय करने ऑनलाइन टेंडर
नगर निगम के लोककर्म शाखा ने महादेवघाट पुनर्विकास योजना के तहत निर्माण कार्य के लिए एजेंसी तय करने ऑनलाइन टेंडर किया। इसमें 5 अलग-अलग एजेंसियों ने दिलचस्पी दिखाते हुए निविदा में भाग लिया। इनमें दीपक पांडे, रायपुर कंस्ट्रक्शन कंपनी, रामराजा, श्रीजी कृपा और कृष्णा इंटर प्राइजेस एजेंसी शामिल हैं। टेंडर खुलने के बाद सबसे कम रेट कोड करने वाली रामराजा एजेंसी रायपुर को इस कार्य को करने का जिम्मा मिलना तय माना जा रहा है। अनुबंधित एजेंसी को दो साल की समय अवधि में इस काम को पूरा करना होगा।

महादेव कारिडोर का निर्माण जल्द
रायपुर नगर निगम के महापौर मीनल चौबे ने बताया कि, राजधानी के ऐतिहासिक एवं प्राचीन धार्मिक स्थल महादेवघाट पुनर्विकास की योजना नगर निगम ने तैयार की है। पहले फेज नगर उत्थान योजना के तहत राज्य शासन से 20 करोड़ की मंजूरी इस कार्य के लिए मिली है। इसमें भव्य महादेव कारिडोर का निर्माण कराया जाएगा। मंदिर परिसर और नदी के घाटों को संवारेंगे। विसर्जन कुंड से टाटीबंध तक सड़क चौड़ीकरण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा। इसी तरह जलसंसाधन विभाग घाट क्षेत्र को सुरक्षित और विकसित करने का कार्य कराएगा।

इस तरह से काम होंगे

  1. महादेवघाट के सौंदर्याकरण और विकास के लिए इस पूरे क्षेत्र को एक कॉरिडोर के रूप में डेवलप करना
  2. प्रवेश के दोनों रास्तों पर भव्य स्वागत द्वार बनेगा
  3. आकर्षक लैंडस्कैपिंग, ग्रास पेवर, यज्ञशाला का निर्माण होगा
  4. शेडयुक्त गलियारा बनेगा, चलने फिरने के लिए पाथवे बनाया जाएगा
  5. पहले से दुकान लगा रहे पात्र वेंडरों को उसी स्थान सुव्यवस्थित किया जाएगा, ताकि घाट क्षेत्र में अनियंत्रित व्यवसाय पर रोक लगाई जा सके
  6. रंगरोगन कर मंदिरों को नया स्वरूप दिया जाएगा, साथ ही मंदिर परिसर और नदी के घाटों को संवारने का काम
  7. घाट पर बोट पाइंट और बैठक व्यवस्था
  8. पार्किंग एरिया डेवलप करने का काम
  9. जल आपूर्ति और निकास प्रणाली

Tags:    

Similar News